Bihar Political Crisis : नीतीश कुमार ने CM पद से इस्तीफा दिया

तेजस्वी यादव के साथ राज्यपाल से मुलाकात की!

1021

Patna : बिहार में भाजपा और जदयू का गठबंधन टूट गया है। CM नीतीश राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा देने के बाद नीतीश राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे। वहीं, इससे पहले JDU की आज हुई बैठक में पार्टी के सभी विधायकों और सांसदों ने सीएम नीतीश कुमार के फैसले का समर्थन किया और कहा कि वे उनके साथ हैं।
नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ हाथ मिला लिया।

टूट के बाद BJP ने नीतीश कुमार पर सीधा हमला किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को बीजेपी ने हमेशा आगे बढ़ाया। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में JDU के MLA की संख्या 43 आई, तब BJP ने नीतीश को CM बनाया था। नीतीश कुमार को लगता है कि वे प्रधानमंत्री की दौड़ में आगे हैं, इसलिए तेजस्वी के साथ गठबंधन कर लिया।

गिरिराज ने तेजस्वी यादव पर भी हमला किया। कहा कि नीतीश उन्हीं के साथ गए हैं जो मुख्यमंत्री को पलटू चाचा कहते थे। गिरिराज ने कहा कि जो तेजस्वी CM को कहते थे वह हम नहीं कहेंगे। गिरिराज सिंह ने कहा कि इस टूट के लिए सिर्फ स्वार्थ जिम्मेदार है। JDU को तोड़ने के आरोप पर उन्होंने कहा कि बिहार में एक कहावत है कि ‘रोने का मन किया तो आंख में गरा खुट्टी।’

भाजपा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने भी नीतीश कुमार पर जुबानी हमला किया है। चौबे ने कहा कि जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।

देर शाम तक भाजपा के अन्य नेताओं के भी इस मुद्दे पर बयान आने की उम्मीद है। अभी बिहार भाजपा के नेता ‘वेट एंड वाच’ की स्थिति में हैं। नई सरकार के गठन के बाद ही बिहार भाजपा के नेता मीडिया के सामने आकर अपने पत्ते खोलेंगे।

इन सबके बीच JDU संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी अपना बयान जारी किया। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि नये स्वरूप में नए गठबंधन के नेतृत्व की जवाबदेही के लिए नीतीश कुमार को बधाई। नीतीश आगे बढ़िए। देश आपका इंतजार कर कर रहा है।

बिहार भाजपा प्रमुख संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार ने जनमत के साथ खिलवाड़ किया। नीतीश ने बिहार की जनता को धोखा दिया है।

बिहार भाजपा कोर ग्रुप मंगलवार शाम को राज्य में उभरती राजनीतिक स्थिति का जायजा लेने के लिए बैठक करेगा। बिहार भाजपा प्रमुख संजय जायसवाल के बैठक की अध्यक्षता करने की उम्मीद है। इसमें दोनों उप-मुख्यमंत्रियों, पूर्व राज्य पार्टी अध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के भाग लेने की संभावना है।

बैठक में शामिल होने के लिए पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और अश्विनी चौबे और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद राष्ट्रीय राजधानी से पटना के लिए रवाना हो गए हैं।

हिंदुस्तान अवाम मोर्चा नेता जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार और महागठबंधन को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है। उधर, लोजपा नेता (रामविलास गुट) के चिराग पासवान ने कहा कि आज नीतीश कुमार की साख शून्य हो गई है। हम चाहते हैं कि बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू हो और राज्य को नए सिरे से जनादेश देना चाहिए। नीतीश कुमार की कोई विचारधारा है या नहीं? अगले चुनाव में जदयू को शून्य सीटें मिलेगी।