डेमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जुटाई जानकारी

872
BJP

डेमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जुटाई जानकारी

भोपाल. भाजपा के 39 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कुछ क्षेत्रों में उपजे विरोध को देखते हुए अब पार्टी के नेता डेमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। कुछ क्षेत्रों में दावेदारी करने वाले टिकट का ऐलान होने के बाद से बगावती तेवर दिखा रहे हैं। इन के विरोध के चलते ग्वालियर में भाजपा की हुई कार्यसमिति से लौटते ही प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा ने सभी 39 विधानसभा क्षेत्रों की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है।

टिकटों का ऐलान होने के बाद करीब एक दर्जन सीटों पर उम्मीदवारों का विरोध हो रहा है। इस विरोध को देखते हुए दोनो नेता सक्रिय हो गए हैं। दोनों ने भाजपा दफ्तर पहुंचकर पहले बैठक की, इसके बाद एक-एक क्षेत्र की जानकारी अपने संगठन के पदाधिकारियों और अन्य नेताओं से ली। इस जानकारी के बाद पार्टी आगे की रणनीति तय की जाएगी।

भोपाल आने वाले थे प्रदर्शन करने

सूत्रों की मानी जाए तो उम्मीदवारों का विरोध करने वाले कुछ नेता भोपाल आकर भाजपा दफ्तर पर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे थे। संगठन को यह जानकारी लगते ही उन्हें वहीं पर रोक दिया है। उनसे पार्टी के वरिष्ठ नेता बात कर समझाने का प्रयास कर सकते हैं। स्थानीय स्तर पर भी उन्हें समझाया जा रहा है।

ये कर रहे विरोध

चाचौड़ा विधानसभा से पूर्व विधायक ममता मीणा ने भाजपा उम्मीदवार प्रियंका मीणा का विरोध तेज कर दिया है। पन्ना जिले की गुन्नौर से भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा का विरोध पार्टी की ही अमिता बागरी कर रही हैं। मुरैना की सबलगढ़ सीट से सरला विजय रावत का विरोध भापजा के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत के बेटे आदित्य रावत कर रहे हैं।

हालांकि बाद में रणवीर सिंह ने अपनी सफाई देते हुए प्रत्याशी सरला रावत को बधाई दे दी थी। सोनकच्छ से इंदौर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेश सोनकर को टिकट दिए जाने से पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा ने नाराजगी जताई थी। सागर जिले की बंडा सीट से वीरेंद्र सिंह लम्बरदार को टिकट दिए जाने से रंजोर सिंह ने नाराजगी दिखाते हुए एक रैली निकाल दी थी।

छतरपुर से ललिता यादव को टिकट दिए जाने पर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह और उनकी पत्नी अर्चना सिंह नाराज हैं। झाबुआ से भानु भूरिया को टिकट मिलने के बाद नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धन सिंह बारिया ने बगावत कर दी। गोहद से लाल सिंह आर्य को टिकट दिए जाने से रनवीर सिंह जाटव नाराज बताए जाते हैं।

ये भी कर रहे विरोध

इधर निवाड़ी में भी भाजपा विधायक अनिल जैन का विरोध तेज कर दिया गया है। पूर्व राज्यपाल की पौत्रवधू रोशनी यादव ने भाजपा छोड़ दी है। वे कांग्रेस में शामिल हो सकती है। वे यहां से टिकट मांग रही थी। इसी तरह एक निवाड़ी जिला पंचायत के उपाध्यक्ष ग्यादीन अहिरवार ने भी पार्टी के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को लिखे पत्र में अनिल जैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।