
भाजपा सरकार गुंडा तत्वों से दबा रही विपक्ष की आवाज: कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पटेल का आरोप
आलीराजपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर रतलाम में हुए हमले के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाईक रैली निकाली। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां उन्होंने गुंडा तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए कलेक्टर प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह बघेल (संयुक्त कलेक्टर) को ज्ञापन सौंपा।
मुकेश पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गुंडों के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब, नशा कारोबार और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीतू पटवारी का अभियान भाजपा को नागवार गुज़र रहा है। रतलाम में प्रदेश अध्यक्ष के काफिले पर किए गए हमले को लोकतंत्र का गला घोंटना बताया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर प्रदेश अध्यक्ष सुरक्षित नहीं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे होगी?

कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर पूरे प्रदेश को नशा और भ्रष्टाचार के माफियाओं के हाथों बर्बाद करने का आरोप लगाया और न्यायिक कार्रवाई की मांग की। रैली में पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भुवानसिंह बामनिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश पचाया, युवा विधानसभा अध्यक्ष तरुण मंडलोई, खुर्शीद अली दीवान समेत कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।




