नवनियुक्त जिला अध्यक्ष के पोस्टर के साथ निंदनीय कृत्य, उस नेता को पार्टी से निष्कासित किया!

होर्डिंग पर पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के भी थे फ़ोटो पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता

887

भाजपा नेता जनपद उपाध्यक्ष ने की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष के पोस्टर पर पेशाब

भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी संगठन द्वारा हाल ही में भिण्ड जिलाध्यक्ष के रूप में देवेंद्र नरवरिया की नियुक्ति की है। ऐसे में वह नियुक्ति के बाद बुधवार को पहली बार जिले में आये तो उनके स्वागत में जगह जगह बैनर पोस्टर लगाए गए। लेकिन कुछ लोगों को यह रास नहीं आया। ऐसे ही एक भाजपा नेता जिला कार्यसमिति सदस्य, मेहगांव जनपद के उपाध्यक्ष शैलेन्द्र भदौरिया का एक शर्मनाक और अभद्रता पूर्ण मामला सामने आया है। जिसमें उनके द्वारा बुधवार रात मालनपुर स्थित टोल प्लाजा पर बेहद ही अशोभनीय एवं आपत्तिजनक कृत्य करते हुए नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया के पोस्टर को फाड़कर उसपर पेशाब कर दी। इस दौरान यह नजारा टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

IMG 20221014 WA0030

आपको बता दें कि भिण्ड जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष के पद पर देवेंद्र नरवरिया की ताजपोशी की गयी है और बुधवार को उनका प्रथम आगमन था। जिसके स्वागत के लिए जगह जगह होर्डिंग लगाए गए थे। ऐसा ही एक होर्डिंग मालनपुर टोल टैक्स बैरियर पर लगाया गया था जिसमें देवेन्द्र नरवरिया के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के फोटो थे।

होर्डिंग को देखकर भाजपा जनपद उपाध्यक्ष ने होर्डिंग को नीचे गिराया और उसपर पेशाब करने लगे। भाजपा नेता की इस हरकत को देखकर आसपास मौजूद लोगों का सिर भी शर्म से झुक गया। चूंकि भाजपा नेता द्वारा टोल बूथ पर ही यह शर्मनाक हरकत की गई जिससे घटना टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।

बड़ा सवाल तो यह है कि एक जनप्रतिनिधि ही इस तरह का व्यवहार करेगा तो आमजन उससे क्या उम्मीद करेगा।

मामला जैसे ही भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व के संज्ञान में आया उन्होंने तुरंत भाजपा नेता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्काषित कर दिया।