
भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा टीम घोषित
मंदसौर से वरिष्ठ पत्रकार डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल की सहमति से गत दिवस प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति की घोषणा हुई है ।
इस नवीन सूची में मंदसौर जिले नीमच जिले और रतलाम जिले से कोई महिला प्रतिनिधि शामिल नहीं किया गया है ।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे के हस्ताक्षर से जारी सूची में 38 नाम पद सहित सम्मिलित किए गए हैं । इनमें 7 उपाध्यक्ष , 3 महामंत्री, 8 मंत्री एक कोषाध्यक्ष और दो सह कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं ।
प्रदेश में दो दो मुख्यमंत्री देने वाले अंचल और वर्तमान में उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ( मंदसौर )
एमएसएमई मंत्री श्री चेतन कश्यप ( रतलाम ) सहित लोकसभा सांसद, राज्यसभा सांसद का क्षेत्र होने पर भी कोई महिला प्रतिनिधि प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल नहीं होने से निराशा हुई है ।
यही नहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के गृह क्षेत्र उज्जैन से केवल एक महिला प्रमिला यादव को प्रदेश मंत्री बनाया गया है ।
जानकारों की माने तो केंद्र सरकार लोकसभा में महिला आरक्षण वृद्धि किए जाने की तैयारी कर रही है और आगामी सत्र में 543 सीटों से बढ़ाकर 800 से अधिक सीट परिसीमन कर बढ़ा सकती है और लोकसभा में बिल लाने की तैयारी है जब महिलाओं का आरक्षण संबधी विधेयक प्रस्तावित है और मंदसौर नीमच गरोठ जावरा रतलाम सीतामऊ जावद मनासा मल्हारगढ़ झाबुआ आदि विधानसभा क्षेत्रों से किसी भी महिला को संगठन की प्रादेशिक मोर्चा इकाई में शामिल नहीं किया गया है ।
जबकि भाजपा के इस गढ़ में महिला मोर्चा की सक्रियता रही है और पूर्व में मोर्चा प्रदेश टीम में उपाध्यक्ष पद पर भी श्रीमती सुषमा आर्य दायित्व निर्वहन कर चुकी हैं ।

नाम नही प्रकाशित करने पर महिला मोर्चा और सक्रिय महिला कार्यकर्ता ने निराश भाव से कहा कि आने वाले समय में विधानसभा चुनाव अधिक दूर नहीं है और महिला कार्यकर्ताओं को जोड़ने का उचित समय है ऐसे में प्रदेश मोर्चा टीम में इन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व होना चाहिए।
महिलाओं युवाओं और कार्यकर्ताओं में इस बात का भी असंतोष देखा गया है कि तीन साल उपरांत भी नगर पालिका नगर परिषद एवं स्वशासी संस्थान में पार्षदों एल्डरमैन आदि की नियुक्ति नहीं हुई है ।





