आदिवासी को साधने भगोरिया पर्व में शामिल होगी भाजपा

741
Pachmarhi
Election

भोपाल: आदिवासियों को साधने में जुटी भाजपा उन्हें रोजगार और अन्य सुविधाएं देने के साथ अब उनके पारंपरिक पर्व और त्यौहारों से भी जुड़ेगी। भाजपा प्रदेश संगठन ने आदिवासियों के मुख्य पर्व भगोरिया में भागीदारी करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से लेकर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता आदिवासियों के बीच भगोरिया उत्सव में शामिल होने जा सकते हैं। प्रदेश संगठन इसकी रूपरेखा तय कर वरिष्ठ नेताओं की ड्यूटी लगाने वाला है। कौन नेता किस जिले में जाएंगे, यह एक-दो दिन में तय हो जाएगा।

आदिवासियों का पारंपरिक पर्व भगोरिया 11 मार्च से शुरू होने वाला है। 17 मार्च तक चलने वाले इस साप्ताहिक पर्व में भाजपा नेताओं की टीम आदिवासी जनों के साथ उनके पारंपरिक वेशभूषा में मौजूद होगी और उनके रंग में रंग कर पार्टी नेता आदिवासियों को यह एहसास कराएंगे कि भाजपा हर कदम पर आदिवासी वर्ग के साथ है।

5 जिलों में जाएंगे प्रमुख नेता-
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की ड्यूटी भगोरिया पर खास तौर पर 5 जिलों में लगाई जा रही है। इसमें आदिवासी नेताओं के साथ संगठन के वरिष्ठ नेताओं की तैनाती की जाएगी जो भगोरिया मेले में पहुंचकर आदिवासी रंग में डूबेंगे। संगठन का मानना है कि ऐसे पर्वों में भागीदारी के बाद आदिवासियों के मन में यह भाव उपजेगा कि भाजपा सुख- दुख हर घड़ी में उनके साथ है। झाबुआ, अलीराजपुर, धार, मंडला, डिंडोरी के साथ अन्य जिलों में नेताओं को भेजने के लिए आज- कल में नाम तय हो जाएंगे।

3 दिन पहले सीएम ने की है पेसा एक्ट की समीक्षा-
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 3 दिन पहले आदिवासियों के लिए बनाए गए कानून पेसा एक्ट को लागू करने को लेकर अफसरों की बैठक ली थी। इस बैठक में पूर्व में दिए गए निदेर्शों के मुताबिक की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई है। सीएम ने चरणबद्ध तरीके से पेसा कानून लागू करने के निर्देश अफसरों को दिए हैं। ऐसे में आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम सभाओं के पॉवर बढ़ेंगे।