BJP Worker Mahakumbh : मोदी की चेतावनी ‘यदि MP ने कांग्रेस को चुना, तो प्रदेश फिर बीमारू होगा!’

प्रधानमंत्री ने महिलाओं से कहा कि हर गारंटी पूरी होने की पूरी गारंटी! 

615

BJP Worker Mahakumbh : मोदी की चेतावनी ‘यदि MP ने कांग्रेस को चुना, तो प्रदेश फिर बीमारू होगा!’

Bhopal : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। उनके पूरे भाषण में कांग्रेस निशाने पर रही। उन्होंने कहा कि अगर मध्यप्रदेश में कांग्रेस को जरा भी मौका मिला, तो प्रदेश का बड़ा नुकसान हो जाएगा। कांग्रेस फिर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना देगी। मध्यप्रदेश में बीजेपी की सरकार को 20 साल हो गए। जो युवा इस साल के चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने बीजेपी की सरकार को ही देखा है।

मोदी ने कहा कि मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास है। उन्होंने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि आजादी के बाद मध्यप्रदेश के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून-व्यवस्था नहीं देखी।

IMG 20230925 WA0033

यहां के युवाओं ने उस दौर की खस्ता हाल सड़कें नहीं देखी। अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। यहां के युवाओं ने विकास करता मध्यप्रदेश ही देखा है। उन्होंने मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी गेहूं उत्पादक प्रदेश के रूप में देखा है। आने वाले चुनाव बहुत अहम हैं। हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता प्रदेश के लोगों ने बनाया है, विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं, भटके नहीं और अटके नहीं।

 

कांग्रेस पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने राजस्थान और महाराष्ट्र का उदाहरण देकर कहा कि कांग्रेस को जहां भी मौका मिला, वहां सिर्फ बर्बादी आई। उन्होंने कहा कि यदि मध्य प्रदेश में मौका दिया तो बड़ा नुकसान होगा। हमने महाराष्ट्र में देखा है कि कांग्रेस ने गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना काम बना लिया। यह समय मध्यप्रदेश को विकसित मध्यप्रदेश बनाने का है।

उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को बापू की जयंती है। इससे पहले 1 अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़ा कार्यक्रम पूरे देश में होने वाला है। मेरा आग्रह है कि आप सभी इस स्वच्छता के कार्यक्रम में जुड़िए। त्योहारों में हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ याद रखना है। खादी के कपड़े खरीदने हैं। जो गिफ्ट खरीदें, वो लोकल हो, भारत में बना हो, यह बात हमें कभी भी भूलनी नहीं है।

IMG 20230925 WA0032

महिलाओं को केंद्र में रखकर बात की

महिला आरक्षण बिल पर प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश की बहनों को याद दिलाने आया हूं कि मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी, वो पूरी हो गई। लोकसभा-राज्यसभा में 33% सीट आरक्षित करने का कानून नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ। दशकों से देश की माताएं-बहनें इसका इंतजार कर रही थीं। यह तक कहा जाने लगा था कि शायद यह कभी नहीं हो पाएगा। मोदी है तो हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है।

कांग्रेस और उसके नए घमंडिया गठबंधन ने मजबूरी में इस बिल का समर्थन बहुत खट्‌टे मन से किया। इनके गठबंधन में जितने लोग हैं, वही लोग हैं, जिन्होंने 30 साल तक इस कानून को पारित नहीं होने दिया। पार्लियामेंट में हुड़दंग किया, बिल फाड़ दिए, स्पीकर पर हमले बोल दिए। अब उनको यह लगता है कि देश की माता-बहनें उनके चरित्र को जान गई हैं, तो अब क्या शुरू किया ‘ये क्यों नहीं है, वो क्यों नहीं है, ऐसा क्यों है, वैसा क्यों नहीं? उनको नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मजबूरी में समर्थन इसलिए करना पड़ा, क्योंकि मेरी माताएं-बहनें जाग गई हैं। ये माताओं-बहनों से डरे हुए हैं। इसलिए नीची मुंडी कर हाउस में बेमन से अंगुली दबा दी।’

मोदी ने कांग्रेस पर ऊँगली उठाई कि इन्होंने तो दशकों तक देश में भारी बहुमत से सरकारें चलाई हैं। तब क्यों नहीं कानून बनाया जो बहाने ये आज बना रहे हैं, तब क्यों नहीं ये सब कुछ कर दिया। सच यह है कि इनकी नीयत में खोट है। अगर इनकी नीयत महिला हित की होती तो क्या मोदी को करोड़ों टॉयलेट बनाने पड़ते। क्या टॉयलेट नहीं बना सकते थे ये लोग? ये काम भी मुझे करना पड़ा। अंधेरे का इंतजार करती माता-बहनों को देखकर इनकी आंखों में क्यों पानी नहीं आता था!

इनकी नीयत ठीक होती तो बहनों को धुएं में जीने को मजबूर न होना पड़ता। बहनों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने की मेहनत मोदी को क्यों करन पड़ी? महिलाओं को पानी की बूंद-बूंद के लिए दशकों को तर्साकर नहीं रखते। हमें बेटियों को बचाने, उन्हें पढ़ाने के लिए आवाज नहीं उठानी पड़ती। ये महिलाओं के हित में काम करते तो मोदी को आकर आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की व्यवस्था नहीं करना पड़ती। इन्होंने तो महिलाओं को बैंक से भी दूर रखा। देश की करोड़ों बहनों के जन-धन खाते आपके इस सेवक को खुलवाने पड़े।

 

नए वोटरों को लुभाने की कोशिश

नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश के फर्स्ट टाइम वोटर को बताना चाहता हूं कि आपके माता-पिता, दादा-दादी को अभाव में रखने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उनको मुसीबत में जीने के लिए मजबूर करने वाली कांग्रेस एक मात्र पार्टी है। कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का गौरवगान करने में ही जुटी रही। कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवारतंत्र बना दिया।

यहां भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन और बुराइयां देखी नहीं हैं। एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन।