
Bjp’s District Working Committee: 24 जिलों को लेकर हो चुका मंथन, मुख्यमंत्री से सहमति लेकर जल्द घोषित होगी कार्यकारिणी
भोपाल: जिला भाजपा की कार्यकारिणी को लेकर प्रदेश संगठन में तेजी से विचार मंथन चल रहा है। पिछले चार दिनों में लगभग दो दर्जन जिलों की कार्यकारिणी को लेकर बातचीत हो चुकी है। जिसमें कार्यकारिणी में शामिल किए जाने वालों के नाम छांट लिए गए हैं। इस काम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ ही प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह भी जुटे हुए हैं। कार्यकारिणी को लेकर चर्चा नेताओं के बीच में प्रदेश भाजपा दफ्तर में न होकर, एक नेता के बंगले पर हो रही है।
प्रदेश संगठन ने हर जिले में दो-दो पर्यवेक्षक भेजे थे। उन्हें जिम्मेदारी दी गई थी कि वे वहां के सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर कार्यकारिणी के लिए नामों का पैनल बनाएं। इन नामों को 22 अगस्त तक सभी पर्यवेक्षकों ने प्रदेश संगठन को बंद लिफाफे में सौंप दिए थे। इसके बाद से एक-एक जिले की कार्यकारिणी को लेकर मंथन किया जा रहा है। जिसमें संभाग प्रभारी के साथ ही जिला अध्यक्ष और दोनो पर्यवेक्षकों को भी बुलाया जा रहा है। इन सभी से एक-एक नाम पर चर्चा की जा रही है। साथ ही विधायकों और सांसदों की राय ली जा रही है। अब तक पांच संभागों के लगभग 24 जिलों की कार्यकारिणी को लेकर नाम छांट लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि हर जिले से 40 से 60 नाम छांटे जा रहे हैं। इसके बाद एक बार और इस पर चर्चा होगी। जिसमें कुछ और नामों को हटा दिया जाएगा। इसके बाद जिलों में जाकर कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।
*पिछले दो दिनों में तीन संभागों पर हुई चर्चा*
पिछले दो दिनों में विंध्य और बुंदेलखंड के तीन संभागों के जिलों को लेकर चर्चा हुई है। इसमें रीवा संभाग के रीवा, सतना, सीधी, मऊगंज, सिंगरोली, मैहर जिलों की कार्यकारिणी को लेकर नाम छांट लिए गए हैं। इसी तरह शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया, अनूपपुर जिले की कार्यकारिणी को लेकर भी नाम तय कर लिए गए हैं। शुक्रवार को सागर संभाग के सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाडी, दमोह, पन्ना जिले को लेकर चर्चा हुई। इनके अलावा पूर्व में दो और संभागों के जिलों पर भी चर्चा हो चुकी है। ऐसा माना जा रहा है कि जिला कार्यकारिणी गठन से पहले मुख्यमंत्री को भी इन नामों से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद ही कार्यकारिणी की घोषणा का सिलसिला शुरू किया जाएगा।




