BJP’s Membership Campaign: 7 हजार बूथ से लेकर भोपाल उत्तर, राघोगढ़, गंधवानी जैसी लगातार हारने वाली सीटों पर विशेष ध्यान

161

BJP’s Membership Campaign: 7 हजार बूथ से लेकर भोपाल उत्तर, राघोगढ़, गंधवानी जैसी लगातार हारने वाली सीटों पर विशेष ध्यान

भोपाल. प्रदेश भाजपा इस बार सदस्यता अभियान में रणनीति के तहत काम करेगी। इस रणनीति में वह उन बूथों से लेकर विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा फोकस करेगी, जिन पर वह लगातार हारती आ रही है। ऐसे सात हजार के लगभग बूथ पार्टी ने निकाले हैं वहीं 11 विधानसभा क्षेत्र भी पार्टी ने छांटे हैं, जिन पर वह लगातार हार रही है। जिसमें भोपाल का एक विधानसभा क्षेत्र हैं, वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का भी क्षेत्र इसमें शामिल किया गया है। इन सभी सीटों पर एक-एक घर में भाजपा इस अभियान के तहत जाएगी। सदस्यता अभियान एक सितम्बर से शुरू होना है। जो दो चरणों में अक्टूबर तक चलेगा।

ऐसे करेंगे हारे बूथ मजबूत

भाजपा का सदस्यता अभियान इस बार कुछ अलग होने जा रहा है। सदस्यत बनाने की प्रक्रिया पुरानी ही है, लेकिन रणनीति इस बार नई बनी है। नई रणनीति के तहत इस बार फोकस में हारे हुए बूथ रहेंगे। प्रदेश में पिछले कुछ समय से हारे हुए बूथों पर भाजपा अपनी पकड़ बनाने का प्रयास कर रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान उसकी यह संख्या दस हजार बूथों की थी, लेकिन करीब 1200 बूथ वह विधानसभा चुनाव में पहली बार जीती। इस जीत के बाद कुछ और बूथ वह लोकसभा चुनाव में जीती। लगातार हारने वाले बूथों की संख्या कम होकर सात हजार पर पहुंची है। इस बार भाजपा सदस्यता अभियान के जरिए इन बूथों को मजबूत करने का प्रयास करेगी। इसके अभियान की बूथ टोली एक-एक गली और एक-एक घर जाकर सदस्यता बनाने का काम करेगी। इस दौरान इन्हें भाजपा से जोड़ने और भाजपा संगठन और सरकार के काम काजों के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।

विधानसभा के इन क्षेत्रों पर भी फोकस

इसी तरह लगातार हारने वाले 11 विधानसभा क्षेत्र भी पार्टी ने छांटे हैं। इनमें भोपाल उत्तर विधानसभा भी हैं। जहां पर पार्टी लंबे अरसे से नहीं जीत सकी है। इसी तरह नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की विधानसभा सीट गंधवानी है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह की सीट राघोगढ़ भी इसमें शामिल हैं। कुक्षी बीच में एक बार भाजपा जीती है, लेकिन इस सीट पर भी फोकस रहेगा। ऐसी लगातार हारने वाली सीटों पर भी गली-गली और घर-घर पार्टी सदस्यता अभियान के तहत पहुंचेगी।