

BJP’s State President in Next Two Weeks : प्रदेश भाजपा को 2 हफ्ते में मिल जाएगा नया अध्यक्ष, नए नाम पर जल्द सहमति!
Bhopal : मध्यप्रदेश भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर एक बार फिर से सरगर्मी तेज हो गई। चर्चा है कि इस पखवाड़े में भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। इसी महीने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी हो जाएगा। इसके लिए आधे राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होना जरूरी है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नागपुर दौरे के बाद चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक 30 मार्च को मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत की मुलाकात में नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हुई है।
मोदी के नागपुर से लौटने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी बातचीत हुई है। प्रधानमंत्री ने वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से राज्यों के संगठनात्मक चुनाव पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने नड्डा और बीएल संतोष से कहा कि इसी महीने भाजपा अध्यक्ष का चुनाव पूरा करें। भाजपा ने अब तक 13 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए 19 राज्यों में चुनाव पूरे करने जरूरी हैं। सूत्रों के मुताबिक एक पखवाड़े में मप्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत बाकी बचे अधिकांश राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। यानी 50 प्रतिशत राज्यों के चुनाव पूरा होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जा सकेगा।
नए अध्यक्ष की तलाश अंतिम चरण में
प्रदेश भाजपा में नए अध्यक्ष की तलाश अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। कई दिनों से टल रहे इस चुनाव को लेकर अब तेजी आ गई है। वीडी शर्मा को संसद की याचिका समिति में जगह मिलने से उनके दोबारा अध्यक्ष बनने की संभावना भी कम हो गई है। भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि पार्टी ने शर्मा को यह पद देकर उन्हें अध्यक्ष पद से दूर रखने का संकेत दे दिए है। ऐसे में नरोत्तम मिश्रा की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। वे इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।
लिस्ट में सबसे आगे नरोत्तम मिश्रा के बाद कैलाश विजयवर्गीय को माना जा रहा है। इसके अलावा फग्गन सिंह कुलस्ते, सुमेर सिंह सोलंकी, हिमाद्री सिंह, दुर्गादास उइके, हेमंत खंडेलवाल, अर्चना चिटनिस, रामेश्वर शर्मा और आलोक शर्मा जैसे कई नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। इस बैठक के बाद से ही पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। कहा यह भी जा रहा कि विजयवर्गीय ने अमित शाह के सामने नरोत्तम मिश्रा के नाम का प्रस्ताव रखा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में शिवराज सिंह
जहां तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बात है, तो उसके लिए शिवराज सिंह चौहान (मामा) का नाम भी चर्चा में है। शिवराज सिंह चौहान 6 बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। 4 बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। 13 साल की उम्र में आरएसएस से जुड़े और इमरजेंसी के दौरान जेल भी गए। ओबीसी कैटेगरी से हैं। 2005 में मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रहे हैं। आरएसएस की लिस्ट में शिवराज सबसे ऊपर हैं। इनके अलावा सुनील बंसल, धर्मेन्द्र प्रधान, रघुवर दास, स्मृति ईरानी, वानति श्रीनिवासन, तमिलिसाई सौंदर्यराजन, डी पुरंदेश्वरी भी दावेदार हैं।