
Boat Sinks in River : डैम में नाव डूबने से 7 की मौत, मृतकों में 3 बच्चे और 4 महिलाएं, 8 को बचा लिया!
Shivpuri : यहां एक दर्दनाक हादसे में माता टीला डैम में नाव डूबने से 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। बच्चे और महिलाएं गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। नाव में 15 लोग सवार थे। प्रशासन मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा है। मुख्यमंत्री ने 2-2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए जांच के निर्देश दिए!
जानकारी के अनुसार, रजावन गांव के 15 लोग मंगलवार शाम करीब 5 बजे नाव से डैम के बीच बने टापू पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के दर्शन करने और होली खेलने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में नाव में सवार कई लोग डूबने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 8 लोगों को बचा लिया।
पिछोर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) प्रशांत शर्मा ने बताया कि यह घटना तब हुई जब एक नाव 15 लोगों को लेकर माताटीला बांध में टापू पर स्थित मंदिर जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए। लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। शिवपुरी एसपी ने बताया कि बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। जल्द से जल्द लापता लोगों को खोजने का प्रयास किया जा रहा है।
नाव में पानी भरने से हादसा
इस हादसे में बाल-बाल बचे नाविक प्रदीप लोधी के मुताबिक, सबसे पहले नाव पर सवार एक महिला को पिछले हिस्से में पानी भरता हुआ दिखाई दिया। इसके कुछ देर बाद नाव में पानी तेजी से भरने लगा और नाव डूब गई। इस घटना ने इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना दिया है।
2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। जिला प्रशासन, स्थानीय नागरिकों और एनडीआरएफ के जवानों की मदद से आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इस हादसे की जांच के भी निर्देश दिए गए।





