विजयपुर और बुदनी उप चुनाव में उम्मीदवारों के नाम को लेकर भाजपा कांग्रेस में मंथन जारी, विजयपुर से BJP के रावत का नाम तय

126

विजयपुर और बुदनी उप चुनाव में उम्मीदवारों के नाम को लेकर भाजपा कांग्रेस में मंथन जारी, विजयपुर से BJP के रावत का नाम तय

 

भोपाल:  विजयपुर और बुदनी विधानसभा उपचुनाव के लिए होने वाले चुनाव में योग्य उम्मीदवारों के नामों के लिए भाजपा और कांग्रेस ने मंथन शुरु कर दिया है। प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक में विजयपुर सीट के लिए वन मंत्री रामनिवास रावत का नाम लगभग तय है। वहीं बुदनी सीट के लिए क्षेत्र में सक्रिय साधारण कार्यकर्ता के नाम पर मुहर लग सकती है। यहां इस बार चौकाने वाला नाम सामने आएगा। वहीं कांग्रेस में बुदनी विधानसभा के लिए नामों पर विचार करने के लिए चयन समिति के सदस्य आज बुदनी पहुंचे है। इस सीट के लिए संभावित एक-एक नाम पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में बुदनी और विजयपुर सीट के लिए भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति ने चर्चा की। इन सीटों पर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ उपचुनाव होने की संभावना है। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद, प्रदेश के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, जगदीश देवड़ा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह भी मौजूद रहे। विजयपुर सीट के लिए कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए और मंत्री बन चुके राम निवास रावत का नाम तय है। इसकी केवल औपचारिकता की गई। लेकिन बुदनी सीट चूंकि केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सीट रही है। यहां इस बार पार्टी क्षेत्र में सक्रिय साधारण कार्यकर्ता ओ उम्मीदवार बनाने पर विचार रही है। बुदनी में सक्रिय साधारण कार्यकर्ता के नाम पर मंथन किया गया। पार्टी इस नाम को संसदीय बोर्ड के पास भेजेगी और वहीं से इनके नाम की घोषणा की जाएगी।

कांग्रेस उम्मीदवार चयन समिति के सदस्य पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल आज बुदनी पहुंचे। यहां एक-एक संभावित उम्मीदवार के नाम पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया। बुदनी विधानसभा सीट लंबे अर्से से भाजपा के कब्जे में है। यहां शिवराज सिंह चौहान विधायक रहे है। अब वे सांसद और केन्द्र में मंत्री है। कांग्रेस इस सीट पर सेंध लगाने की फिराक में है। वहीं विजयपुर विधानसभा सीट से विजयी रामनिवास रावत के पाला बदलकर भाजपा में शामिल होंने और मंत्री बनाए जाने के बाद अब कांग्रेस इस रणनीति पर काम कर रही है कि विजयपुर सीट पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार रहे। कल और परसो यहां कांग्रेस चयन समिति संभावित नामों पर मंथन करेगी। विजयपुर के लिए संभावित उम्मीदवार के नाम का चयन करने के लिए बनाई गई चयन समिति में एआईसीसी सचिव मध्यप्रदेश सह प्रभारी चंदन यादव, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह और पूर्व मत्री जयवर्धन सिंह , पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव और लोकसभा प्रत्याशी नीटू सिकरवार सदस्य है ये कल और परसों यहां उम्मीदवार के नाम पर मंथन करेंगे।