Budget Analysis 2026 : रतलाम अकाउंटेंट एसोसिएशन ने किया बजट विश्लेषण 2026 पर सेमिनार आयोजित!

111

Budget Analysis 2026 : रतलाम अकाउंटेंट एसोसिएशन ने किया बजट विश्लेषण 2026 पर सेमिनार आयोजित!

Ratlam : शहर की सागोद रोड़ स्थित चम्पा विहार मेरिज गार्डन में रतलाम अकाउंटेंट एसोसिएशन ने शुक्रवार को बजट विश्लेषण 2026 विषय पर एक विस्तृत सेमिनार का आयोजित किया। शुभारंभ संस्था अध्यक्ष पुरुषोत्तम पांचाल, उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, सचिव हुल भटेवरा, कोषाध्यक्ष प्रकाश गहलोत, सह-सचिव रितेश पांचाल एवं सह-कोषाध्यक्ष प्रतीक चौरसिया ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

सेमिनार का उद्देश्य बजट 2026 में IT एवं GST से जुड़े महत्वपूर्ण परिवर्तनों की जानकारी अकाउंटेंट्स, व्यापारियों एवं करदाताओं तक पहुंचाना रहा। सुप्रसिद्ध चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) आशीष गोयल ने बजट 2026 में आयकर से संबंधित नए प्रावधानों, रिटर्न की तिथियों, संशोधित रिटर्न, TCS एवं निवेश से जुड़े बदलावों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं CA श्री दिव्यांशु पोरवाल ने बजट में हुए GST संबंधी संशोधनों, विशेष रूप से GST की धारा 34 के अंतर्गत क्रेडिट नोट एवं डेबिट नोट जारी करने रिपोर्टिंग एवं आईटीसी से जुड़े सख्त प्रावधानों को सरल शब्दों में समझाया।

 

संस्था अध्यक्ष पुरुषोत्तम पांचाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्था के पिछले 9 वर्षों के कार्यकाल का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए संस्था द्वारा समय-समय पर किए गए सामाजिक कार्यों, व्यावसायिक जागरूकता कार्यक्रमों एवं सदस्यों के हित में किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए संस्था को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। मुख्य वक्ताओं का परिचय महेश पांचाल एवं दीपक अग्रवाल द्वारा दिया गया। सेमिनार में बजट 2026 के अंतर्गत निम्न प्रमुख बिंदुओं पर विशेष चर्चा की गई- भारत के बाहर रहने वाले व्यक्ति अब पोर्टफोलियो इन्वेस्टमेंट स्कीम के अंतर्गत भारतीय सूचीबद्ध इक्विटी में निवेश कर सकेंगे, जिसकी सीमा बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है। संशोधित आयकर रिटर्न अब मामूली शुल्क के साथ अगले कर वर्ष की 31 मार्च तक दाखिल की जा सकेगी।

 

नॉन-ऑडिट मामलों में बिजनेस टैक्सपेयर्स के लिए आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त कर दी गई है।

 

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड पर कैपिटल गेन टैक्स से छूट अब केवल मूल रूप से सब्सक्राइब किए गए एवं मैच्योरिटी तक होल्ड किए गए बॉन्ड पर ही मिलेगी। डिविडेंड इनकम एवं म्यूचुअल फंड यूनिट्स पर ब्याज खर्च की कटौती अगले कर वर्ष से समाप्त कर दी गई है। आयकर स्लैब दरों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। संशोधित रिटर्न पर 1 अप्रैल 2026 से ₹5 लाख तक की आय पर ₹1 हजार तथा इससे अधिक आय पर ₹5 हजार लेट फीस लागू होगी। TCS की दरें शराब (मानव उपभोग हेतु), तेंदूपत्ता, स्क्रैप, LRS के अंतर्गत 10 लाख रुपए से अधिक शिक्षा एवं मेडिकल रेमिटेंस तथा ओवरसीज टूर पैकेज पर 2 प्रतिशत कर दी गई हैं। NRI द्वारा अचल संपत्ति विक्रय पर TDS हेतु अब TAN की आवश्यकता समाप्त कर दी गई है। PAN आधारित चालान से भी TDS किया जा सकेगा। GST की धारा 34 के अंतर्गत क्रेडिट नोट एवं डेबिट नोट जारी करने रिपोर्टिंग एवं मूल चालानों से लिंक करने की शर्तों को सख्त किया गया है, विशेषकर जहां ITC प्रभावित होता है।

कार्यक्रम में संस्था के पूर्व अध्यक्ष, संरक्षक, संस्था के सदस्यगण, पूर्व पदाधिकारी, व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं व्यापारी वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहें। संचालन संस्था सचिव राहुल भटेवरा ने एवं आभार संस्था उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने माना।