Bus Accident : खरगोन बस हादसे में मृतकों की संख्या 22, मजिस्ट्रियल जांच होगी! 

घायलों की संख्या 30 से ज्यादा, राष्ट्रपति और PM ने भी दुख जताया, ट्वीट किए!

320

Bus Accident : खरगोन बस हादसे में मृतकों की संख्या 22, मजिस्ट्रियल जांच होगी! 

Khargone : जिले के टांडा बरुड़ के नजदीक आज सुबह साढ़े 8 बजे श्रीखंडी गांव से इंदौर जा रही बस डोंगरगांव व दंसगा के बीच बोराड़ नदी के पुल से नीचे गिर गई। यह बस पुल की रांग साइड की रैलिंग तोड़कर करीब 50 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में 22 यात्रियों की मौत हुई। जबकि, 30 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 2 बच्चे और करीब 6 महिलाएं भी हैं। 30 से अधिक घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। सात घायलों को इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस दुखद हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर घायलों को बस के कांच फोड़कर निकाला गया। लोगों ने पलट गई बस को सीधा किया गया। विधायक रवि जोशी ने आरोप लगाया कि यहां से बसें रोज ओवरलोड होकर तेजी से गुजरती हैं। रोकने-टोकने पर बस वाले विवाद करते हैं। विधायक ने यह आरोप भी लगाया कि आरटीओ ने कभी चेकिंग नहीं की। खरगोन में आरटीओ रहते ही नहीं! जब कोई मीटिंग हो, तभी आते हैं।

ग्रामीणों ने भी कहा कि टाइम कवर करने के चक्कर में बस वाले यात्रियों की जान जोखिम में डालते हैं। आरटीओ का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि रोड तो अच्छा है लेकिन घुमावदार ज्यादा है और पुल, पुलिया भी घुमावदार और अंधे मोड़ों के पास होने से हमेशा ही दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

परिजनों को 6 लाख की सहायता 
प्रदेश सरकार खरगोन बस हादसे में मृत हुए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की। गंभीर घायलों को 50 हजार और अन्य घायलों को 25 हजार की मदद दी जाएगी। सभी घायलों का इलाज सरकार करवाएगी। सरकार ने बस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। वहीं प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दुख जताया 
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने ट्वीट करके बस हादसे पर दुख जताया! उन्होंने लिखा खरगोन, मध्यप्रदेश में हुए बस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर से मुझे अत्यंत दुख हुआ। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी ट्वीट किया। लिखा कि खरगोन में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव मदद में जुटा है।

घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य की कामना
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया शोक जताया है। उन्होंने लिखा- ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। राहत और बचाव दल को अपने अभियान में शीघ्र सफलता मिले, ऐसी प्रार्थना है।