By Election in MP: अमरवाड़ा में भाजपा उम्मीदवार तय,कांग्रेस को नया चेहरा खोजना होगा

433

By Election in MP: अमरवाड़ा में भाजपा उम्मीदवार तय,कांग्रेस को नया चेहरा खोजना होगा

 

 

 

भोपाल

छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा का चुनाव अगले महीने होने जा रहा है। भाजपा की ओर से यहां पर उम्मीदवार लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन पिछले तीन चुनाव से जीत रही कांग्रेस को यहां पर इस उपुचनाव में प्रत्याशी खोजने में पसीना आ सकता है। यहां के कांग्रेस विधायक कमलेश शाह ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ले ली, इसके चलते खाली हुई सीट पर अब 10 जुलाई को उपचुनाव होने जा रहा है।

भाजपा से पूर्व विधायक कमलेश शाह का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। वे 2013, 2018 और 2024 का चुनाव इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीते थे। अब उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली है और वे इस सीट से भाजपा के अब उम्मीदवार हो सकते हैं। वहीं कांग्रेस को इस सीट पर अब उम्मीदवार तलाश करना है। कांग्रेस ने यहां पर रायशुमारी करने के लिए पूर्व विधायक सुखदेव पांसे और सुनील जैसवाल की कमेटी बनाई है। गुरुवार को ये दोनों पूर्व विधायक यहां पर जाएंगे और बैठक लेंगे। यहां पर छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष ने बैठक बुलाई है। इस बैठक में दावेदारों के नाम पर चर्चा होगी। इसके बाद दोनों ही पूर्व विधायक पैनल बनाकर प्रदेश कांग्रेस को देंगे।

दस साल कांग्रेस रही मुकाबले से बाहर

अमरवाड़ा सीट में दो चुनाव ऐसे रहे जब कांग्रेस विधानसभा चुनाव में यहां पर अब अपनी उपस्थिति ही दर्ज कराती रही। यहां पर वर्ष 2003 और 2008 के चुनाव में कांग्रेस दूसरे नंबर पर भी नहीं आ सकी थी। वर्ष 2003 में यहां से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के मनमोहन शाह बट्टी ने चुनाव जीता था, इस चुनाव में भाजपा के हुकुम सिंह ठाकुर दूसरे नंबर पर रहे थे। जबकि 2008 का चुनाव भाजपा के टिकट पर प्रेम नारायण ठाकुर ने जीता था। दूसरे नंबर पर यहां पर मनमोहन शाह बट्टी रहे थे। प्रेम नारायण ठाकुर भाजपा में आने से पहले कांग्रेस में थे। वे कांग्रेस से तीन बार विधायक भी चुने गए। वर्ष 2013 में यहां से कांग्रेस के टिकट कमलेश शाह जीते, इसके बाद से 2018 और 2024 का चुनाव भी जीते। अब वे भाजपा में हैं।