
Cabinet Meeting at Maheshwar: 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी पर लगेगी मुहर, आ सकती है नई तबादला नीति,कई अहम प्रस्तावों पर होगी चर्चा
भोपाल : Cabinet Meeting at Maheshwar: मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की अध्यक्षता में आज महेश्वर में आयोजित हो रही कैबिनेट बैठक में 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी के प्रस्ताव पर मुहर लगेगी। इसके साथ ही कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज कैबिनेट में नई तबादला नीति भी आ सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज महेश्वर में सरकार महिला सशक्तिकरण मिशन लांच कर सकती है।
कैबिनेट में आज किसानों को बड़ी सौगात मिल सकती है।
आज 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी का फैसला होगा। सरकार नई शराब नीति में लाइसेंस फीस 20% बढ़ा सकती है,इससे 2,788 करोड़ रुपए अतिरिक्त मिलेंगे।
आज महेश्वर में आयोजित हो रही कैबिनेट बैठक के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने डेस्टिनेशन कैबिनेट की ऐतिहासिक पहल की है। यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के पर्यटन को बढ़ावा देने की अवधारणा को भी धरातल पर साकार करती है। शुक्रवार 24 जनवरी को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की नगरी महेश्वर में राज्य सरकार कैबिनेट की बैठक करने जा रही है, जो देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती वर्ष को समर्पित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई का सम्पूर्ण जीवन लोक-कल्याण और सुशासन को समर्पित रहा है।
राज्य सरकार देवी अहिल्याबाई द्वारा महिला सशक्तिकरण, किसान-कल्याण, सुशासन की दिशा में दिखाए मार्ग पर चलकर समग्र विकास को चरितार्थ करने के लिये संकल्पित है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सिद्धातों एवं आदर्श राज्य की नीति एवं निर्माण में समाहित किया जायेगा। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए महिला नेतृत्व एवं सशक्तिकरण की दिशा में सरकार ने प्रभावी कदम बढाए हैं।
महेश्वर डेस्टिनेशन कैबिनेट के मुख्य आकर्षण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव महेश्वर घाट पर माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना करेंगे।
लोकमाता देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी।
लोकमाता देवी अहिल्याबाई की स्मृति में पौध-रोपण होगा।
महेश्वर में माँ नर्मदा के घाटों के साथ ही नगर में भी साज-सज्जा होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव, महेश्वरी साड़ी तैयार करने वाली महिला बुनकरों से संवाद करेंगे।
मंत्रि-परिषद के सदस्य लोकमाता देवी अहिल्याबाई के महल का अवलोकन करेंगे।




