Cabinet Reshuffle : मोदी मंत्रिमंडल में नए मंत्री जुड़ेंगे, JD (U) और शिवसेना को जगह

केंद्रीय मंत्रिमंडल में अभी सहयोगी दलों का कोई कैबिनेट मंत्री नहीं!

689

New Delhi : केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार की सुगबुगाहट है। संसद के मानसून सत्र के बाद इसकी संभावना जताई जा रही है। नए विस्तार में JD (U) और शिवसेना के बागी गुट को जगह मिल सकती है। मोदी सरकार में अभी सहयोगी दलों से एक भी कैबिनेट मंत्री नहीं है। सिर्फ रिपब्लिकन पार्टी से रामदास आठवले ही राज्य मंत्री हैं।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में अभी प्रधानमंत्री समेत 29 कैबिनेट मंत्री हैं। दो स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्रियों के साथ 47 राज्यमंत्री हैं। राज्य मंत्रियों में दो स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह व राव इंद्रजीत सिंह भी शामिल हैं। मंत्रिमंडल में छोटा फेरबदल किया जा सकता है, जिसमें अधिकतम एक दर्जन मंत्री शामिल या प्रभावित होंगे। केंद्रीय मंत्रियों में अभी पांच मंत्रियों के पास तीन-तीन मंत्रालय हैं। इनमें पीयूष गोयल, प्रहलाद जोशी, सर्वानंद सोनोवाल, अश्विनी वैष्णव व जी किशन रेड्डी शामिल हैं।
पिछले दिनों राज्यसभा में कार्यकाल पूरा होने और फिर चुनकर न आने से JD(U) के आरसीपी सिंह व भाजपा के मुख्तार अब्बास नकवी ने इस्तीफा दे दिया था। इस कारण ये दोनों पद रिक्त हैं। इनमें विभाग इस्पात मंत्रालय ज्योतिरादित्य सिंधिया और अल्पसंख्यक मामलों का मंत्रालय स्मृति ईरानी को दिए गए है।
आरसीपी सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में भाजपा के सहयोगी दलों से एक भी कैबिनेट मंत्री नहीं है। शिवसेना के बागी गुट के भाजपा के साथ आने और महाराष्ट्र में सरकार बनने के बाद उसे भी केंद्र में जगह दिए जाने की संभावना है। इससे उद्धव ठाकरे को एक और झटका देने के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वाले गुट का असली शिवसेना का दावा और मजबूत किया जा सकेगा।