Cabinet Reshuffle Soon : मध्यप्रदेश में 3-4 मंत्रियों की छुट्टी तय, कांग्रेस से आने वाले 2 MLA को कुर्सी मिलेगी!

जिनका कामकाज सही नहीं और जिनकी वजह से पार्टी की छवि प्रभावित वे हटेंगे!

1634
Modi

Cabinet Reshuffle Soon : मध्यप्रदेश में 3-4 मंत्रियों की छुट्टी तय, कांग्रेस से आने वाले 2 MLA को कुर्सी मिलेगी!

 

Bhopal : लोकसभा चुनाव से फुर्सत होने के बाद अब मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल में हल्के फेरबदल की संभावना है। इसका कारण है कि कांग्रेस से आए 2 विधायकों को मंत्री पद दिया जाना है और साथ ही उन मंत्रियों की छंटनी होना है जिनका नई सरकार में पिछले 4 महीने का कार्यकाल संतोषजनक नहीं रहा। इस प्रस्तावित फेरबदल में मंत्रिमंडल से कम से कम चार से पांच मंत्रियों की कुर्सी खिसक सकती है। कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते है। खाली होने वाली कुर्सियों में से दो पर कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा में आए विधायकों को बैठाया जाना तय है।

सरकार के पहले फेरबदल का आधार कुछ मंत्रियों का कमजोर कामकाज और कुछ मंत्रियों के विभाग में गड़बड़ी और अनियमितता की शिकायतें समझा जा रहा है। मंत्रिमंडल में फिलहाल सीएम समेत 31 मंत्री हैं। मंत्रियों की संख्या अधिकतम 35 हो सकती है। मंत्रिमंडल विस्तार में ये 4 खाली पद भरे जा सकते हैं।

यह फेरबदल कब होगा फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हुआ। पर, सरकार के साथ संगठन में भी बदलाव की तैयारी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रस्तावित बदलाव के लिए होमवर्क कर लिया है।

कुछ ऐसे मंत्रियों की भी छुट्टी होगी जिनके विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा चुनाव में वोटिंग का प्रतिशत कम हुआ। सरकार में बड़े विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले कुछ मंत्रियों के विभाग बदलकर उनका कद छोटा किया जाने की भी तैयारी भी है। इसमें वे मंत्री शामिल हैं जिनका प्रदर्शन सरकार और संगठन की अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा।

मंत्रिमंडल में कुछ मंत्रियों के विभागों में गड़बड़ी और कुछ मंत्रियों का प्रदर्शन सरकार और पार्टी संगठन के अनुरूप नहीं होने से चार-पांच मंत्रियों की छुट्टी होना तय है। इसमें वे भी शामिल है जिनके विभाग में गड़बड़ी और अनियमिताओं के चलते सरकार और पार्टी की छवि प्रभावित हुई है। कुछ मंत्रियों के निकट परिजनों के विवाद में आने से भी पार्टी की बदनामी हुई। गत महीनों में सामने आए ऐसे मामलों में खुद मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी नाराजगी जताई है।

दो मंत्री पद कांग्रेस से आए विधायकों को 

प्रस्तावित फेरबदल में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा का दामन थामने वाले कांग्रेस के तीन में से दो विधायकों को सरकार में मंत्री पद दिया जाना लगभग तय है। इसमें ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के श्योपुर जिले से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत और छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा में शामिल हुए कमलेश शाह का नाम लिया जा रहा है।

भाजपा संगठन में भी बदलाव

प्रदेश में भाजपा संगठन में भी बदलाव किए जाने के संकेत हैं। इस बदलाव में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में पार्टी की सीटों का ग्राफ बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका दी जा सकती है। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का नाम लिया जा रहा है। कांग्रेस के कई नेताओं को भाजपा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाने वाले नरोत्तम मिश्रा को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने मिल सकती हैं।