

Came Out & Met Disabled Woman : जनसुनवाई के दौरान निगम आयुक्त विकलांग महिला से बाहर जाकर मिले, समस्या हल की!
Indore : नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा द्वारा मंगलवार निगम मुख्यालय में जनसुनवाई करते हैं। इस मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक शारीरिक रूप से असहाय महिला मोहिनी पाटिल अपनी शिकायत लेकर आई है और बाहर बैठी है। निगम आयुक्त तुरंत बाहर आए और महिला की बात सुनी और समस्याओं का तत्काल निराकरण किया।
उन्होंने महिला की बात को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही उसकी समस्या का समाधान किया। शासन की जन कल्याणकारी योजना के अंतर्गत राशन कार्ड, राशन एवं पेंशन आदि योजना के लाभ दिलाने के साथ ही उपायुक्त केशव सागर को निर्देश दिए कि महिला एवं सामाजिक न्याय विभाग से समन्वय कर महिला को आवागमन के लिए बैटरी वाला वाहन या स्कूटी वाहन उपलब्ध कराने की तत्काल कार्यवाही करें। जनसुनवाई के महज 3 घंटे के अंदर दिव्यांग महिला को बैट्री चलित साइकिल प्रदान की गई। महिला ने आयुक्त के प्रति आभार जताया।
निगम आयुक्त के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, समाज कल्याण परिसर, परदेशीपुरा ने 3 घंटे में मोहिनी पाटिल को बैटरी से संचालित साइकिल प्रदान की। मोहिनी पाटिल ने निगम आयुक्त और संबंधित विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस साइकिल से अब उनका आवागमन अधिक सुलभ हो सकेगा।
निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने महिला का कॉन्टेक्ट नंबर लिया और अपना मोबाइल नंबर देकर कहा कि अब आपको नगर निगम आने की जरूरत नहीं है। आपको घर बैठे सभी शासकीय योजनाओं जिनकी आपको पात्रता आती है उसका लाभ मिलेगा। आपको कोई भी परेशानी हो तो सीधे मुझे बताएं। इसके साथ ही उपायुक्त केशव सगर को निर्देश दिए कि उक्त महिला को पात्रता अनुसार शासकीय योजना के लाभ दिलाए जाएं। इसके अलावा शिवम वर्मा ने महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए ऑटो रिक्शा की व्यवस्था कराई।
इसके पूर्व भी निगम आयुक्त एक महिला की शिकायत पर उनके साथ ही जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में चले गए थे। जहां महिला शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी पर उन्होंने लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की थी। निगम आयुक्त की सदाशयता और कार्यप्रणाली की प्रशंसा की जा रही है।