Car Horror : बायपास पर कार ने 6 को टक्कर मारी, महिला की मौत, 2 गंभीर

639

Indore : बायपास पर बेस्ट प्राइस के सामने रविवार शाम अंध गति से दौड़ती कार ने सामने जो भी आया उसे टक्कर मारी। इस हादसे में छह लोग घायल हुए। जिसमें एक दंपती और वृद्ध की हालत गंभीर थी। घायलों में एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि, दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।

हादसा रविवार की शाम करीब पांच बजे बायपास स्थित बेस्ट प्राइस के सामने का है। कार (एमपी 09 डब्ल्यूबी 1065) ने पहले बाइक सवार जितेंद्र पंवार और उनकी पत्नी हीरामणि को टक्कर मारी। बफार्नी धाम निवासी जितेंद्र ओमेक्स सिटी से प्लाट देखकर घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपती उछल कर सड़क के नीचे जा गिरे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हीरामणि को तो कार चालक 200 फीट दूर घसीटते हुए ले गया था। लोगों ने शोर मचाया, लेकिन कार नहीं रुकी और आगे चल रहे रामविलास नारायण सोनगरा को चपेट में ले लिया। रामविलास भी जोर से हवा में उछले और सड़क से 20 फीट दूर जा गिरे। इसके बाद एक अन्य बुलेट चालक को टक्कर मारते हुए फरार हो गया। इस हादसे से बासपास पर हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जमा हो गई।

काफी देर बाद एक लोडिंग वाहन रोका और सभी घायलों को एमवाय अस्पताल भिजवाया। हालत बिगड़ती देख यहां से उन्हें निजी अस्पतालों के लिए रैफर कर दिया। हीरामणि, जितेंद्र और रामविलास को वेंटिलेटर पर रखा गया, इलाज के दौरान हीरानमणि की मौत हो गई। जबकि जीतेन्द्र और रामविलास की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने कार का नंबर बताया। पुलिस ने मामले में जांच की तो पता चला कि जिस कार ने टक्कर मारी वह अर्जुन निवासी ग्राम फली मौजा के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस अब आरोपी चालक की तलाश कर रही है।