Chakka Jaam : पेयजल समस्या को लेकर मटकों के साथ 4 घंटे चक्का जाम

822

मनावर से स्वप्निल शर्मा की रिपोर्ट

Manawar : यहां से 26 किमी दूर उमरबन-मनावर मार्ग पर ग्राम धनोरा की महिलाओं ने पेयजल समस्या को लेकर लगभग 4 घंटे तक धरना दिया। बाद में एसडीएम भूपेंद्र रावत के आश्वासन पर महिलाओं ने चक्का जाम स्थगित किया।

धनोरा की महिलाओं बताया कि उनके गांव में पेयजल की विकराल समस्या बनी हुई है। ग्राम पंचायत ने भी शासन की नल-जल योजना को आज तक लागू नहीं किया।

इसलिए पेयजल के लिए पिछले एक माह से ग्राम धनोरा के परिवार परेशानी झेल रहे थे। शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए मजबूरी में हमें चक्का जाम करना पड़ा है।

चक्का जाम की स्थिति को देखते हुए एसडीएम रावत पीएचई के अधिकारियों के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गए।

महिलाओं की समस्या सुनने के बाद एसडीएम ने पीएचई को निर्देश दिए कि गांव के जिस कुएं में पानी उपलब्ध हो, उसका अधिग्रहण कर पेयजल सप्लाई की जाए।

टैंकरों से भी पानी के लिए तत्काल व्यवस्था की जाए। एसडीएम के आश्वासन पर भीषण गर्मी में चार घंटे से धरना दे रही महिलाओं ने अपना आंदोलन स्थगित किया।

इस अवसर पर चौकी प्रभारी अभिषेक जाधव भी दल-बल के साथ उपस्थित थे।