नर्मदा तट पर अंतिम संस्कार को लेकर बवाल,2 गुटों में पथराव, 10 घायल, 19 से अधिक नामजद पर केस  

95

नर्मदा तट पर अंतिम संस्कार को लेकर बवाल,2 गुटों में पथराव, 10 घायल, 19 से अधिक नामजद पर केस 

खरगोन : खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्मदा तट स्थित ग्राम सुलगांव में सोमवार को अंतिम संस्कार स्थल को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में ग्राम चौकीदार सहित करीब 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार शाम को दोनों पक्षों के 19 से अधिक नामजद लोगों तथा लगभग 25 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, गांव निवासी 90 वर्षीय गंगाबाई पाटीदार के निधन के बाद पाटीदार समाज के लोग उनका अंतिम संस्कार करने नर्मदा से करीब 200 मीटर दूर वासुदेव पाटीदार की निजी भूमि (खला) पर पहुंचे थे। समाज का कहना था कि मुख्य श्मशान तक जाने वाला रास्ता अत्यंत खराब है, इसलिए वासुदेव पाटीदार ने अपनी निजी जमीन अंतिम संस्कार के लिए दान में दी थी।

सोमवार सुबह करीब 9 बजे जैसे ही मुखाग्नि की तैयारी शुरू हुई, पास के रहवासी क्षेत्र में रहने वाले कहार, मानकर और अन्य समुदाय के कुछ लोगों ने वहां शवदाह किए जाने पर आपत्ति जताई। उनका तर्क था कि घरों के पास चिता जलने से निकलने वाला धुआं लोगों को परेशानी देगा और बच्चों में भय का माहौल बनेगा। एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला ने बताया कि पहले दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, लेकिन जल्द ही मामला गाली-गलौज और फिर उग्र पथराव में बदल गया।

https://youtube.com/shorts/nJHErxXKiyE?si=l-Tm6ctKYJBboAPS

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपद्रवियों ने घरों की छतों और गलियों से अंतिम संस्कार में शामिल लोगों तथा मौके पर मौजूद पुलिस बल पर पत्थर फेंके। अफरा-तफरी के बीच शव वहीं रखा रहा और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। इस हिंसा में एक पुलिस जवान और ग्राम चौकीदार श्रवण सहित कुल 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मंडलेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही महेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी, महेश्वर सब-इंस्पेक्टर रविन्द्र जामले और कसरावद थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन के साथ मौके पर पहुंचीं। हालात काबू में करने के लिए तीन थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। कड़े पुलिस पहरे के बीच विवादित स्थल पर अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सोमवार शाम को शांति समिति की बैठक भी आयोजित की गई।