Chauhan’s Stature Reduced : रामनिवास रावत को विभाग आवंटन से नागर सिंह चौहान का कद घटने का क्या कारण!

2010

Chauhan’s Stature Reduced : रामनिवास रावत को विभाग आवंटन से नागर सिंह चौहान का कद घटने का क्या कारण!

जानिए, इस बदलाव के पीछे क्या राजनीतिक कारण रहे, क्या कहना है भाजपा नेताओं का!

Bhopal : कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए 6 बार के विधायक और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के दो सप्ताह बाद विभाग सौंप दिया गया। उन्हें वन एवं पर्यावरण विभाग दिया गया, जिससे अलीराजपुर के भाजपा विधायक और मंत्री नागर सिंह चौहान का कद घट गया। अभी तक उनके पास वन, पर्यावरण एवं आदिम जाति कल्याण विभाग थे। अब उनसे वन और पर्यावरण विभाग लेकर रामनिवास रावत को सौंप दिया गया। ऐसी स्थिति में नागर सिंह चौहान के पास सिर्फ अपेक्षाकृत कमजोर आदिम जाति कल्याण विभाग ही बचा है।

समझा जा रहा है की पार्टी ने सोच समझकर नागर सिंह चौहान का कद घटाया है। हाल के लोकसभा चुनाव में उनकी पत्नी झाबुआ-रतलाम संसदीय क्षेत्र से सांसद बनी है। इसलिए पार्टी नहीं चाहती कि एक ही घर में कोई पावर सेंटर बने। इसीलिए उन्हें कमजोर विभाग देकर मंत्री बनाए रखा गया। उल्लेखनीय की रतलाम झाबुआ संसदीय क्षेत्र से तीन मंत्री हैं और पड़ोस के धार जिले से कोई भी मंत्री नहीं है।

नागर सिंह चौहान के पर जिस तरह कतरे गए इसे कैबिनेट में उनका कद घटने के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश सरकार ने रविवार शाम मंत्रिमंडल में इस बदलाव की अधिसूचना भी जारी कर दी। नागर सिंह चौहान की पत्नी अनीता चौहान हाल में हुए लोकसभा चुनाव में सांसद चुनी गई। यही कारण है कि नागर सिंह चौहान के विभाग में कटौती करके उन्हें अपेक्षाकृत कम प्रभावशाली विभाग दिया गया।

इस बारे में भाजपा नेताओं का कहना है कि भाजपा में ‘एक व्यक्ति एक पद’ के आधार पर यह निर्णय लिया गया। इस कारण नागर सिंह चौहान को अपेक्षाकृत कमजोर विभाग दिया गया। वहीं रामनिवास रावत के कद में बढ़ोतरी करने और उनसे किया वादा पूरा करने के लिए उन्हें वन और पर्यावरण जैसा महत्वपूर्ण विभाग दिया गया।

यह भी कयास लगाए गए हैं कि कई सूत्रों से सरकार को नागर सिंह चौहान के बारे में शिकायत भी मिली थी। फिर वन एवं पर्यावरण को कैबिनेट में बड़े विभागों में गिना जाता है। नागर सिंह उस नजरिए से जूनियर भी हैं। यह भी कहा जा रहा कि ‘जयस’ से महेंद्र कन्नौज को भाजपा में लाने से भी नागर सिंह की स्थिति पर असर पड़ेगा और उनका रुतबा कम होगा।