पकड़ी गई फर्जी महिला डॉक्टर

पुलिस ने फर्जी सर्टिफिकेट भी किया बरामद

867

 पकड़ी गई फर्जी महिला डॉक्टर

 

सरगुजा  : जिले में एक फर्जी महिला डॉक्टर को छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवती चोरी की डिग्री लेकर शहर के सबसे बड़े संस्थान होलीक्रास अस्पताल अंबिकापुर में मरीजों का इलाज कर रही थी। इसकी जानकारी असल डिग्रीधारी महिला डॉक्टर को हुई। उसके नाम की डिग्री का उपयोग कहीं और किया जा रहा था। डॉक्टर ने मामले की शिकायत पुलिस से की।

पुलिस ने फर्जी महिला डॉक्टर का पर्दाफाश किया है. जानकारी के मुताबिक महिला पिछले डेढ़ सालों किसी डॉक्टर के गुम हुए सर्टिफिकेट के आधार पर शहर के एक निजी अस्पताल में अपना नाम बदलकर चला रही थी.

जिले के लखनपुर ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य में पदस्थ डॉक्टर खुशबू साहू ने सन 2021 में इंटर्नशिप रायपुर एक निजी अस्पताल में की थी. इस दौरान महिला डॉक्टर का सर्टिफिकेट गुम हो गया. जिसकी शिकायत रायपुर के थाने में दर्ज कराई थी. यह सर्टिफिकेट फर्जी डॉक्टर वर्षा वानखेड़े के हाथ लग गया और वह उसका गलत इस्तेमाल करने लगी.

बताया जा रहा है कि डॉक्टर खुशबू साहू के सर्टिफिकेट के आधार पर आरोपी वर्षा ने अपना नाम बदला और खुद को ही खुशबू साहू कहने लगी. इसके बाद वह अंबिकापुर शहर में एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में बतौर चिकित्सक सेवा देने लगी. जब डेढ़ साल बाद इस मामले की जानकारी डॉ. खुशबू साहू को हुई कि उनके नाम पर एक फर्जी महिला डॉक्टर शहर के निजी अस्पताल में नौकरी कर रही है, तो उन्होंने तुरंत ही इसकी शिकायत सरगुजा पुलिस को दी.

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी वर्षा वानखेड़े को हिरासत में लिया और पूछताछ की गई. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से डॉक्टर खुशबू साहू का सर्टिफिकेट भी बरामद किया और वर्षा वानखड़े के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर महिला फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.