
Chhindwara Road Accident: मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की
प्रभारी मंत्री को तत्काल छिंदवाड़ा पहुंचने के दिए निर्देश
भोपाल: छिंदवाड़ा सड़क दुर्घटना: मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। बता दे कि इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए।
मुख्यमंत्री ने X पोस्ट पर कहा कि आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है। प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करता हूँ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। जबलपुर से डॉक्टर्स के दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए हैं। छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह जी को भी अपने कार्यक्रम परिवर्तित कर छिंदवाड़ा पहुँचने के लिए निर्देशित किया है।
मृतकों के निकटम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहाँ से सभी घायलों के उपचार की सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है।





