देश के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती- तेजी से हो रहा सुधार

269

देश के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती- तेजी से हो रहा सुधार

 

देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई को संक्रमण के चलते दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट दिया जा रहा है और उनकी तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है। संक्रमण से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन डॉक्टरों और सुप्रीम कोर्ट सूत्रों का कहना है कि उम्मीद है CJI गवई एक-दो दिन में छुट्टी लेकर फिर से अपने कार्यभार में लौट आएंगे।

 

12 जुलाई को CJI गवई हैदराबाद के नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उसी दिन उन्होंने “बाबासाहेब डॉ. बीआर अंबेडकर- संविधान सभा – भारत का संविधान” शीर्षक से एक विशेष डाक आवरण और “भारत के संविधान में कला और कैलीग्राफी” पर आधारित आर्ट पोस्टकार्ड्स का विमोचन भी किया था। इस कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा, तेलंगाना हाईकोर्ट के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल और राज्य के महाधिवक्ता ए. सुधर्शन रेड्डी भी मौजूद थे।

 

न्यायमूर्ति बीआर गवई ने 14 मई 2025 को भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। वे इस पद पर पहुंचने वाले दूसरे दलित न्यायाधीश हैं। उनसे पहले न्यायमूर्ति के. जी. बालकृष्णन 2007 में इस पद पर नियुक्त हुए थे। गवई महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मूल निवासी हैं और उनका कार्यकाल 24 नवंबर 2025 तक रहेगा, जब वे रिटायर होंगे। उनके पिता, न्यायमूर्ति रामकृष्ण सूर्यभान गवई, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के संस्थापक रहे हैं।

फिलहाल CJI गवई की हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही में उनकी अनुपस्थिति रही, लेकिन उम्मीद है वे जल्द ही स्वस्थ होकर फिर से काम पर लौटेंगे।