
मुख्यमंत्री ने स्कूल चले हम अभियान का किया आगाज,स्कूलों में ड्रापआउट हुआ जीरो- डॉ यादव
भोपाल: प्रदेश में स्कूलों में ड्राप आउट जीरो हो गया है। सरकारी स्कूलों पर अब अभिभावकों और विद्यार्थियों का भरोसा बढ़ रहा है। इसका ही कारण है कि अब विद्यार्थी प्रायवेट स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूलों में पढ़ने के लिए प्रवेश ले रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल चलें हम अभियान के तहत राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026 का शुभारंभ करते हुए कही। इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों कों निशुल्क सायकिल का भी वितरण किया।

भोपाल के मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के विद्यार्थी भाग्यशाली है उन्हें सरकार किताब, सायकिल, यूनिफार्म निशुल्क दे रही है। कांग्रेस के जमाने में यह संभव ही नहीं था। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के चार लाख विद्यार्थियों को सायकिल देने जा रही है। तीन चार महीने के भीतर सभी को साइकिल दे दी जाएगी। जो बच्चे दूर से स्कूल आते-जाते हैं उन्हें अब परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब ड्राप आउट जीरो हो गया है। ये बड़ी उपलब्धि है। बच्चों के नामांकन में 19.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि खासकर शासकीय स्कूलों में प्रवेश लेने में 32.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सरकारी स्कूलों पर भरोसा बढ़ रहा है। सांदीपनी विद्यालय भव्य और दिव्य विद्यालय बन रहे हैं। सांदीपनी स्कूल में पढ़ने के लिए बच्चे प्रायवेट स्कूल छोड़कर पढ़ने आ रहे हैं। देश के अंदर सबसे अच्छे स्कूल मध्य प्रदेश में ही बने हैं। इसमें खेल मैदान, पुस्तकालय आदि इसमें हैं। उन्होंने विभाग के अफसरों और शिक्षकों से कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से बचना नहीं चाहिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री का यहां पर स्काउट गाइड दल ने वाद्य यंत्रों की सुमधुर धुनों के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ में फूल लिए और विद्यार्थियों पर पुष्प वर्षा का उनका अभिवादन किया। इसके साथ ही सीएम ने अटल टिकलिंग लैब, रॉबोटिक लैब, व्यावसायिक शिक्षा और आईसीटी लैब के स्टाल पर गए और उनका अवलोकन किया। कार्यक्रम में स्कूल चले हम अभियान पर केंद्रित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।





