Child Kidnapping : मां ने लोन नहीं चुकाया तो महिला ने उसकी बच्ची का अपहरण कर लिया!

जानिए, पुलिस ने कैसे अपहरण करने वाली महिला को दबोचा!

470

Child Kidnapping : मां ने लोन नहीं चुकाया तो महिला ने उसकी बच्ची का अपहरण कर लिया!

Indore : एक महिला ने 7 साल की बच्ची का अपहरण कर लिया। इसलिए कि इस महिला ने बच्ची की मां को लोन दिलवाया था और वो उसे चुका नहीं पाई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ घंटों में बच्ची को अपहर्ता महिला से मुक्त करवा लिया। आरोपी महिला का सुराग सीसीटीवी फुटेज से लगा था। पुलिस ने अपहरण करने वाली महिला को गिरफ्तार भी कर लिया। यह घटना रावजी बाजार थाना क्षेत्र के साउथ तोड़ा में रविवार की है। बताते हैं कि अपहर्ता महिला की 4 लाख फिरौती वसूलने की तैयारी थी।

पुलिस ने जानकारी दी कि स्व सहायता समूह चलाने वाली ज्योति कुराड़िया ने बच्ची की मां को दो समूहों से 75 हजार रुपए का लोन दिलवाया था। लेकिन, ज्यादा दिन तक कर्ज की राशि नहीं चुकाने पर दोनों महिलाओं के बीच विवाद चल रहा था। रुपए वसूलने के लिए ज्योति ने एक साजिश रची। उसने रविवार को कर्जदार महिला की बच्ची का अपहरण कर लिया और उसे घर ले आई। उसके हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में पटक दिया।

बच्ची के परिजनों ने काफी ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद वे थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। एसीपी देवेंद्र धुर्वे ने तुरंत टीम बनाई और उसने बच्ची के घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। एक फुटेज में आरोपी महिला बच्ची को साथ ले जाते दिखी। सिलसिलेवार फुटेज देखने पर आरोपी की लोकेशन का पता चल गया। पुलिस ने बच्ची के परिजन को आरोपी महिला के फुटेज दिखाए तो उन्होंने उसे पहचान लिया।

अपहरणकर्ता महिला की पहचान ज्योति के रूप में होने के बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा। पहले तो उसने ना-नुकुर की, लेकिन पुलिस सख्ती से पूछताछ में वह टूट गई। उसने सच उगल दिया। पुलिस ने बच्ची को छुड़ाकर परिवार के सुपुर्द कर दिया। ज्योति ने पूछताछ में बताया कि वह काफी समय से लोन की किस्तें नहीं चुकाने को लेकर परेशान हो रही थी। उसने बच्ची की मां को कई बार कहा कि उसे दूसरे समूह वाले परेशान कर रहे हैं। पैसे नहीं मिलने पर उसने बच्ची का अपहरण कर चार गुना रकम वसूलने की सोची। वह 4 लाख रुपए की फिरौती मांगने का षड्यंत्र रच रही थी। लेकिन, उल्टा अपहरण मामले में फंस गई।