Circuit House Issue : दलित महिला राज्यसभा सदस्य को सर्किट हाउस से निकालने का मुद्दा चुनावी बना

भाजपा नेत्री ने कहा 'मैंने गरीब कर्मचारी को माफ़ किया, कांग्रेस इसे मुद्दा क्यों बना रही!'

845

Circuit House Issue : दलित महिला राज्यसभा सदस्य को सर्किट हाउस से निकालने का मुद्दा चुनावी बना!

Sagar : नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि को नगर निगम चुनाव में प्रचार के लिए भाजपा ने सागर बुलाया था। उन्हें शासकीय सत्कार के साथ सर्किट हाउस के कक्ष क्रमांक 3 में रुकवाया गया। भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार से लौटने पर उन्होंने देखा कि बिना अनुमति उनका सामान दूसरे कमरे में फेंक दिया गया। जिस कमरे में रुकी थीं,वह कमरा प्रदेश सरकार के एक बड़े ब्राह्मण मंत्री को दे दिया। इस पर वे भड़क गईं और पूरे स्टाफ को जमकर लताड़ा और चली गई।

इस घटना को कांग्रेस ने चुनावी मुद्दा बना लिया! जबकि, भाजपा के मीडिया से जारी बयान में राज्यसभा सभा सुमित्रा वाल्मीकि ने आलोचना की और कहा कि मैंने उस गरीब कर्मचारी को माफ़ कर दिया है। कांग्रेस ने कहा कि सरकार और प्रशासन के इस कृत्य से अनुसूचित जाति तथा महिला वर्ग के प्रति भाजपा का दोगला चेहरा उजागर हुआ है। इस शर्मनाक कृत्य के लिए सरकार अनुसूचित जाति और महिला वर्ग से सार्वजनिक माफी मांगे तथा दोषियों के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करे। कांग्रेस की जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी, महापौर चुनाव के प्रभारी सुरेंद्र सुहाने तथा संचालक रामकुमार पचौरी ने राष्ट्रपति और राज्यपाल से शिकायत की है।

सुमित्रा वाल्मीकि ने कहा कि महिलाओं के प्रति कांग्रेस नेताओं का रवैया जगजाहिर है। नैना साहनी कांड से लेकर प्रियंका चतुर्वेदी के पार्टी छोड़ने तक की घटनाएं इसके उदाहरण है। कांग्रेस पार्टी सागर की घटना की आड़ लेकर अपने इस कुरूप चेहरे को छुपाने का प्रयास कर रही है। लेकिन, प्रदेश की जनता इस चेहरे को भली भांति पहचान गई है और नगर निकाय के चुनाव में इसका जवाब भी देगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि ने कांग्रेस द्वारा सागर की घटना को लेकर किए जा रहे शोर शराबे पर आक्रोश जताते हुए कही। श्रीमती वाल्मीकि ने कहा कि मैं इस घटना के बारे में प्रशासनिक कार्रवाई से संतुष्ट हूं और मैंने सर्किट हाउस के उस गरीब कर्मचारी को माफ भी कर दिया है। लेकिन, कांग्रेस गरीब विरोधी होने के कारण इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से उछाल रही है।