Clash Between Goons : गुंडे को गुंडे ने गोली मारी, अस्पताल में मौत!

1219

Clash Between Goons : गुंडे को गुंडे ने गोली मारी, अस्पताल में मौत!

Indore : मल्हारगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर बदमाश अनिल दीक्षित को मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। सिंगल राउंड फायर के बाद बदमाश कार में बैठकर साथियों के साथ फरार हो गया। अनिल को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को यह आपसी रंजिश का मामला लगता है।

घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे हीरा नगर थाने के अंतर्गत मर्थोमा स्कूल के पास न्याय नगर के समीप की है। अनिल कार से अपने दो से तीन साथियों के साथ न्याय नगर जा रहा था। रास्ते में उसने सिगरेट लेने के लिए कार रूकवाई। इसके बाद पान की दुकान पर वह सिगरेट लेने गया, जहां अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। शूटर ने एक ही गोली चलाई जो अनिल के दांए कान के पास लगी। इस बीच शूटर एक एसयूवी गाड़ी में बैठ फरार हो गया। बताया जाता है कि एसयूवी में पांच से छह लोग सवार थे। अनिल के गिरने की आवाज सुन कार में बैठे दोस्त उतरे और उसे संभाला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

अनिल को निजी अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना पर तुरंत हीरा नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपियों के बारे में कोई सुराग मिल सके। अनिल दीक्षित मल्हारगंज थाने में दर्ज हत्या के मामले में जमानत पर था। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ एरोड्रम थाने में भी 2012 व 2019 में साधारण मारपीट के मामले दर्ज है।

बताया जाता है कि रात में उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने अधिकारिक जानकारी नहीं दी। लेकिन, उसकी मौत उसी रात हो गई थी।

घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने रात में ही शहर के आसपास के सभी टोल पर जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि पुलिस ने एक आरोपी को देवास से पकड़ लिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि अनिल पिछले करीब तीन-चार दिनों से न्याय नगर में अपने दोस्त के घर रह रहा था। मंगलवार दोपहर वह एमआईजी थाने के पीछे अपने एक बीमार दोस्त से मिलने के लिए गया था। यहां अनिल को छोड़कर दोस्त चले गए थे। बाद में रात करीब आठ बजे फिर अनिल ने दोस्तों को फोन किया और लेने आने के लिए कहा। इसके बाद अनिल कार में दोस्तों के साथ न्याय नगर के लिए निकला था और रास्ते में यह घटना हुई।