CM Dr Yadav in Indore: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में 300 दिव्यांगजनों को बैटरीयुक्त ट्रायसिकल सहित अन्य सहायक उपकरणों का किया वितरण

212

CM Dr Yadav in Indore: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में 300 दिव्यांगजनों को बैटरीयुक्त ट्रायसिकल सहित अन्य सहायक उपकरणों का किया वितरण

इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में दिव्यांगजनों के हित में आयोजित एक गरिमामय समारोह में 300 दिव्यांगजनों को कुल 749 बैटरीयुक्त ट्रायसिकल सहित अन्य तरह के सहायक उपकरणों का वितरण किया। जिला प्रशासन की पहल पर आईडीबीआई बैंक के सामाजिक दायित्व कार्यक्रम तथा भारतीय रेडक्रास सोसाइटी के वित्तीय सहयोग से यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

IMG 20250427 WA0077

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव,विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी गौड़ तथा श्री मनोज पटेल,श्री सुमित मिश्रा, श्री सावन सोनकर, कलेक्टर श्री आशीष सिंह विशेष रूप से मौजूद थे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। हमारी सरकार उनका आत्मसम्मान बढ़ाने, उन्हें स्वावलंबी बनाने और मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बैटरीयुक्त ट्रायसिकल और सहायक उपकरणों से दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ेगी और वे अधिक स्वतंत्रता के साथ सुविधाजनक रूप से अपने कार्यों को सहजता से कर सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने निजी क्षेत्र से भी आह्वान किया कि वे दिव्यांगजनों को रोजगार में प्राथमिकता दें और समावेशी विकास का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के जीवन को आसान और सम्मानजनक बनाने के लिए भविष्य में भी अनेक योजनाएँ लेकर आएगी।

IMG 20250427 WA0075

*दिव्यांगजनों को मिली यह सहायता*

कार्यक्रम में मुख्य मंत्री डॉ.यादव ने प्रतीक रूप से जिले के 105 से अधिक दिव्यांगजनों को बैटरीयुक्त ट्रायसाइकिलें निशुल्क प्रदान कीं। इसके साथ ही जिला प्रशासन, इंदौर द्वारा दिव्यांगजनों की निजी क्षेत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए “दिव्यांग रोजगार पोर्टल” की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से अब तक 500 से अधिक दिव्यांगजनों को निजी इकाइयों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इसी क्रम में समारोह में प्रतीक स्वरूप चार दिव्यांगजनों को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित इकाइयों में नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। जिले में 300 दिव्यांगजनों को 70 लाख 50 हजार रुपये से अधिक लागत के 105 मोट्रेड ट्रायसिकल,41 सामान्य ट्रायसिकल, 44 व्हील चेयर,154 डिजिटल हेयरिंग एड (कान की मशीन) तथा 405 दिव्यांगजनों को अन्य सहायक उपकरण वितरित किये गये।

Read More…


Big Announcement by CM: MP के सभी शासकीय कर्मचारियों को जुलाई 2024 से 3% और जनवरी 2025 से 2% महंगाई भत्ते की अतिरिक्त किस्त स्वीकृत


*मुख्यमंत्रीजी ने दिव्यांगजनों का पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन*

समारोह का माहौल अत्यंत भावुक और उत्साहपूर्ण रहा। दिव्यांगजनों के चेहरों पर प्रसन्नता और आत्मविश्वास झलक रहा था। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और विशेष सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। तेज गर्मी को देखते हुये दिव्यांगजनों के लिये वातानुकूलित व्यवस्था भी की गयी थी। मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा ट्रायसिकल वितरण के समय कई दिव्यांगजन भावुक हो उठे और पूरे वातावरण में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो गया। मुख्यमंत्रीजी ने दिव्यांगजनों का पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। दिव्यांगजनों को जीवन सुरक्षा हेतु हेलमेट भी दिये गये।