CM Launched : सांस्कृतिक और नैतिक प्रशिक्षण संस्थान का का CM ने शुभारंभ किया

बच्चों से साझा की आज़ादी की कुछ जानी-अंजानी कहानियां

540

Indore : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को अभय प्रशाल में ‘तेरा वैभव अमर रहे माँ’ कार्यक्रम में अलग ही अंदाज में नज़र आए। उन्होंने सांस्कृतिक एवं नैतिक प्रशिक्षण संस्थान इंदौर चेप्टर का शुभारंभ कर शालेय छात्र-छात्राओं के साथ खुला संवाद किया। बच्चों को आजादी की कुछ जानी-अनजानी कहानियाँ बच्चों को सुनाई।
इस आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ बच्चों की केमिस्ट्री यादगार बन गई। अपने बीस मिनट के बच्चों से वार्तालाप के दौरान मुख्यमंत्री देश-भक्ति के रंगों में सभी को भिगोया। इस दौरान उन्होंने सभी बच्चों को पर्यावरण की रक्षा, सबका सम्मान और विश्व-कल्याण का संकल्प भी दिलाया। चौहान ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम सदैव ही भारत का ध्येय रहा है। हमारे देश ने इस भाव को अपने अंदर समाहित किया ‘सब सुखी रहें, सब निरोगी रहें और सब का कल्याण हो।’
उन्होंने कहा कि 5 हजार साल से पुराने हमारे देश का ज्ञात इतिहास रहा है। जब कथित विकसित देशों में सभ्यता का सूर्योदय भी नहीं हुआ था, तब भारत में वेदों की ऋचाएँ गढ़ ली गई थी। उन्होंने कहा कि देश-भक्ति के भाव के साथ देश एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब परतंत्रता की बेड़ियों ने भारत को जकड़ा तब हमारे क्रांतिकारियों ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को शहीद चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह एवं उधम सिंह द्वारा देश के लिए किए गए बलिदान और स्वतंत्रता की लड़ाई का वृतांत सुनाया।

जन्मदिन पर पौधा लगाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के सभी जीव-जंतुओं में एक ही चेतना है। हमें सिर्फ मनुष्य ही नहीं बल्कि प्रकृति और यहां रहने वाले पशु-पक्षियों की भी रक्षा करनी है। उनके प्रति प्रेम का भाव उत्पन्न करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे रोज पौधे रोप कर अपने दिन की शुरुआत करते हैं। उन्होंने छात्रों को संकल्प दिलाया कि वे सभी अपने जन्मदिन पर एक पौधा अवश्य लगाए और प्रकृति के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करें। मुख्यमंत्री ने संस्थान द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रकाशित 75 महापुरुषों की जीवन गाथा पर केन्द्रित पुस्तक का विमोचन किया। इस दौरान 75 स्कूली बच्चे क्रांतिकारी और महापुरुषों की वेशभूषा में मंच पर आये। मुख्यमंत्री सहित सभी नागरिकों ने इन बच्चों का अभिवादन किया। छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।