
CM’s Barwani Visit Cancelled : मौसम खराब होने की से मुख्यमंत्री बड़वानी नहीं गए, इंदौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम में शामिल हुए!
राज्यपाल और उप मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होने सड़क मार्ग से बड़वानी गए!
Indore : खराब मौसम की वजह मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को आज बड़वानी का अपना प्रस्तावित दौरा निरस्त करना पड़ा। ‘विश्व सिकल सेल दिवस’ पर बड़वानी जिले के ग्राम तलून में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इंदौर कलेक्ट्रेट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। गुरुवार सुबह वे अचानक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और वहीं से बड़वानी के कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अटेंड किया। पहले इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति के आने का भी कार्यक्रम था। पर, खराब मौसम के कारण वे इंदौर नहीं आ सकीं थी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को हेलीकॉप्टर से इंदौर से बड़वानी होते हुए तलून पहुंचना था। पर, मौसम खराब होने के कारण यह यात्रा टाल दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री को सुबह 10:20 बजे वायुयान से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचना था और यहां से 10:25 बजे हेलीकॉप्टर से तलून के लिए रवाना होना था। मुख्यमंत्री तय समय पर इंदौर पहुंच गए, पर मौसम ज्यादा खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर से तलून की उड़ान नहीं भर सके।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री को दोपहर में बड़वानी से खरगोन जाना है। खरगोन के ग्राम बेड़िया सनावद पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होना है और शाम को बेड़िया से हेलीकॉप्टर से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचना है। यहां से उन्हें वायुयान से शाम 4.15 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करना है।
राज्यपाल और उप मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से गए
मौसम की वजह से बदले हुए कार्यक्रम के तहत अतिथियों को सड़क मार्ग से जाना पड़ा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी शामिल हुए। राज्यपाल और उप मुख्यमंत्री इंदौर से सुबह सड़क मार्ग से तलून के लिए रवाना हो गए हैं। राज्यपाल को बड़वानी से शाम 5 बजे इंदौर पहुंचना और रात्रि विश्राम करना है। राज्यपाल अगले दिन सुबह 10.30 बजे वायुयान से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।





