Collector Congratulated Wrongly : भिंड कलेक्टर ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर 77वें की बधाई दे दी, वीडियो हुआ वायरल !

दो साल पहले भी तिरंगे का उल्टा बैज लगाकर सुर्ख़ियों में आ चुके हैं संजीव श्रीवास्तव!

429

Collector Congratulated Wrongly : भिंड कलेक्टर ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर 77वें की बधाई दे दी, वीडियो हुआ वायरल !

भिंड से परानिधेश भारद्वाज की खास रिपोर्ट 

Bhind : कुछ कलेक्टर बेवजह विवादों में आ जाते हैं। ऐसा ही कुछ भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के साथ होता रहता है। अकसर वे अनजाने में कुछ ऐसा कर बैठते हैं, कि सुर्खियों में आ जाते हैं। कल15 अगस्त के दिन भी उनके जारी वीडियो संदेश में ऐसी गलती हो गईं कि वे सुर्खियों में आ गए। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिले और देशवासियों को 77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दे डाली। इसका वीडियो बाकायदा भिंड जनसंपर्क के व्हाट्सएप ग्रुप पर भी पोस्ट किया गया। बाद में इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया।

कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के सुर्खियों में बने रहने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जब वे उमरिया में पदस्थ थे, तब गणतंत्र दिवस के मौके पर भी वे विवादों में आए थे। गुरुवार को पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाया गया। 78वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर भिंड में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस बीच भिंड में व्हाट्सएप ग्रुप पर एक वीडियो पोस्ट किया गया। इस वीडियो में भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए नजर आए।

 *77 वे स्वतंत्रता दिवस की बधाई दे दी* 

इस वीडियो में कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव 78वें स्वतंत्रता दिवस की जगह 77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं सभी को दे दी। जिन्होंने यह वीडियो देखा, वे लोग हैरान रह गए कि आखिर एक तेज तर्रार कलेक्टर से ऐसी गलती कैसे हो सकती है? मामला जब सोशल मीडिया पर फैलने लगा तो, कुछ ही देर बाद इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया लेकिन, तब तक यह वीडियो सोशल मीडिया के जरिए वायरल हो चुका था। तुरंत ही एक बार फिर से वीडियो को एडिट कर शेयर किया गया। एडिटेड वीडियो में साफतौर पर समझ आ रहा है कि वीडियो को एडिट कर डाला गया है।

*विवादों से हमेशा नाता रहा* 

आईएएस संजीव श्रीवास्तव का यह पहला मौका नहीं है, जब वे ऐसे अवसर पर सुर्खियों में आए हों। वे जब उमरिया कलेक्टर थे, तब 2022 के गणतंत्र दिवस के मौके पर उन्होंने अपने कोट की जेब में तिरंगे के बैज को उल्टा लगा रखा था। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने उस वक्त भी सुर्खियां बटोरी थी।

उल्टा बैज लगाए जाने की खबर अखबार में भी प्रकाशित हुई थी। मामला यहीं नहीं रुका, कलेक्टर पर कार्रवाई करवाने के लिए वरुण नामदेव ने सीएम हेल्पलाइन में भी इस बात की शिकायत की थी। गणतंत्र दिवस का मामला अभी सुलझ भी नहीं पाया था, कि एक बार फिर से कलेक्टर का दूसरा मामला सामने आ गया और कलेक्टर फिर सुर्खियों में आ गए।

कलेक्टर के बारे में कहा जाता है कि वे अमूमन हमेशा अपने मन की ही करते दिखाई देते हैं, चूंकि वह प्रमोशन लेकर इस पद पर पहुंचे हैं ऐसे में कई चीजें बताने के बावजूद भी वह नजरअंदाज कर देते हैं और मीडिया से दूरी बनाते हुए नजर आते हैं। गंभीर मुद्दों पर वह मीडिया से बात करने से भी माना कर देते हैं। वह केवल उन्हीं मुद्दों पर बोलते हैं जिनमें रचे बसे हैं। पहले वह तिरंगे का उल्टा बैच लगाने के लिए सुर्खियों में आ चुके हैं तो अब वहीं 78वें स्वतंत्रता दिवस की जगह उन्होंने 77 में स्वतंत्रता दिवस की बधाई दे डाली।