Comment on Brahmins : BJP नेता प्रीतम लोधी को ब्राह्मणों पर टिप्पणी महंगी पड़ी, FIR दर्ज

पार्टी अध्यक्ष ने सफाई देने के लिए भोपाल बुलाया

1375

Bhopal : भाजपा नेता प्रीतम लोधी (Pritam Lodhi) का ब्राह्मणों पर टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। पार्टी अध्यक्ष ने स्पष्टीकरण देने के लिए उनको भोपाल तलब किया है। उनकी मुश्किल बढ़ती नजर आ रही है। उमा भारती के करीबी माने जाने वाले प्रीतम लोधी ने शिवपुरी जिले में एक कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज पर विवादित टिप्पणी की थी। उनके खिलाफ शिवपुरी के रन्नौद थाने में मामला भी दर्ज किया गया है।

प्रीतम लोधी के खिलाफ आईपीसी की धारा 153A और 505 के तहत FIR दर्ज की गई है। लोधी का बयान वायरल होने के बाद भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने भी नाराजगी जाहिर की। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने लोधी को भोपाल तलब किया है। अब प्रीतम लोधी को अपने बयान पर पार्टी में सफाई देना होगी।

WhatsApp Image 2022 08 18 at 7.06.53 PM

वीरांगना रानी अवंति बाई लोधी की 191 वीं जयंती पर शिवपुरी जिले के बदरवास के ग्राम खरैह में 17 अगस्त को एक कार्यक्रम के दौरान लोधी ने ये टिप्पणी की थी। यह कार्यक्रम पंच-सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों और छात्रों के सम्मान के लिए रखा गया था। इस कार्यक्रम में प्रीतम लोधी ने ब्राह्मणों को लेकर कहा कि हमारे लोधी समाज के किसान के यहां अच्छी फसल हुई, तो ब्राह्मण भागवत कथा करवाने के लिए कहेगा।

क्या कहा था लोधी ने

वायरल हुए वीडियो पर गौर करें तो भाजपा नेता प्रीतम सिंह लोधी का कहना था कि ‘ये आपको 9 दिन रोजाना 7-8 घंटे पागल बनाते हैं। ये सबसे ज्यादा दान की बात करते है। कहते हैं कि अगर तुम दान दोगे तो भगवान तुम्हें देगा। पूरा गांव दोगे तो और ज्यादा देगा। उनका कहना था कि इनकी बातों में आकर महिलाएं अपने घरों से घी, शक्कर, गेहूं, चावल चुरा-चुराकर इनके चरणों में अर्पित करती हैं।’

प्रीतम सिंह के अनुसार ‘महिलाएं इनकी बातों में इतनी रहती हैं कि, वो दूध, घी, दही अपने बच्चों को खिलाने की बजाय इन्हें दे आती हैं।’ प्रीतम ने आगे ये भी कहा कि, ‘9 दिन ये ब्राह्मण पूरे गांव से सामान-दक्षिणा लेता और 9 दिन बाद रफूचक्कर हो जाता है। ये 9 दिन आपको उल्लू बनाने और बातें करने के आपसे 25 से 50 हजार रुपए भी ले लेते हैं।’