Community Policing: 3 D यानी डीजे, दहेज और दारू के विरुद्ध जागृति के लिए पुलिस का जन संवाद कार्यक्रम, बुजुर्ग की डिमांड पर पुलिस ने स्कूल की छत बनाने का भी किया वादा

59

Community Policing: 3 D यानी डीजे, दहेज और दारू के विरुद्ध जागृति के लिए पुलिस का जन संवाद कार्यक्रम, बुजुर्ग की डिमांड पर पुलिस ने स्कूल की छत बनाने का भी किया वादा

बड़वानी : बड़वानी जिले में सामाजिक सुधार और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा जनसंवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है। पुलिस ने 3D यानी दहेज दारू और डीजे के विरुद्ध जागृति की बात कही। साथ ही एक बुजुर्ग महिला की डिमांड पर जर्जर स्कूल की छत भी बनाने का वादा किया। एक अन्य नवाचार के तहत आज बड़वानी पुलिस ने पुलिस प्रीमियर लीग की शुरुआत भी की।

बड़वानी जिले में नवाचार के तहत जनता के साथ कार्यक्रम “आपकी बात-पुलिस के साथ” के क्रम में जिले के सीमावर्ती पाटी थाना क्षेत्र के दूरस्थ जनजातीय ग्राम सागबारा (चेरवी) में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह गांव महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा से सटे झरकल नदी किनारे स्थित है, जहां पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर संवाद किया।

WhatsApp Image 2026 04 06 at 2.23.33 PM 1

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नशा मुक्त समाज का निर्माण करना और जनजातीय समाज में व्याप्त कुरीतियों विशेषकर डीजे, दहेज और दारू के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि दारू, दहेज और डीजे जैसी कुरीतियाँ समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा हैं, जिन्हें समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि इन कुरीतियों के कारण बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है, परिवार आर्थिक संकट में फंसते हैं और समाज में असंतुलन पैदा होता है। उन्होंने कहा जिस परिवार की शादी में दारू दहेज डीजे का उपयोग नहीं होगा पुलिस उसे गिफ्ट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों का पालन, महिला सुरक्षा और अनुसूचित जाति एवं जनजाति संरक्षण कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए ग्रामीणों से अपने बच्चों को कम से कम बारहवीं तक पढ़ाने की अपील की गई। पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से युवाओं को अनुशासन, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद् एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. प्रभु नारायण मिश्रा ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिक्षा और नशामुक्ति का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित और जागरूक समाज ही वास्तविक सुख और शांति प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और उन्हें व्यसनों से दूर रखने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मई 2024 में उन्होंने अपनी पदस्थापना के दौरान झाबुआ में भी 3D अभियान चलाया था जो काफी लोकप्रिय और सफल रहा था।

कार्यक्रम में ग्रामवासियों ने स्थानीय विद्यालय में छत नहीं होने की समस्या भी उठाई, जिस पर पुलिस टीम ने जन सहयोग से बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही शिक्षिका श्रीमती रजनी बारेला को सम्मानित किया गया और बच्चों को नशे से दूर रहने तथा शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

बड़वानी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से “पुलिस खेल महोत्सव उत्साह नया – खेलें युवा 2026” के अंतर्गत प्रथम “पुलिस प्रीमियर लीग (PPL)” का भव्य शुभारंभ परेड ग्राउंड, डीआरपी लाइन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण बना।