

Complaint Against Ramdev : दिग्विजय सिंह ने रामदेव पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई!
Bhopal : राजधानी के टीटी नगर पुलिस थाने में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने रामदेव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने व्यापारी रामदेव के खिलाफ शिकायत दर्ज़ कराते हुए आग्रह किया कि व्यापारी रामदेव द्वारा अपने उत्पाद के अधिक विक्रय बढ़ाने के लिए देशवासियों में धार्मिक भावनाओं को भड़काते हुये अपने ‘एक्स’ अकाउंट के माध्यम से जारी वीडियो से देशवासियों के मध्य घृणा, नफरत व द्वेष फैलाने का जो कार्य किया, वह अत्यंत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
दिग्विजय सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि इस पर व्यापारी रामदेव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 196 (1)(क), 299 एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर उचित व कठोर कार्यवाही करने का कष्ट करे। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनो व्यापारी रामदेव ने शरबत रूह आफजा के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की थी उस पोस्ट में उन्होंने धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश की थी।
रामदेव की पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड हुई और अधिकांश यूजर्स रूह आफजा के समर्थन में सामने आए और उन्होंने रामदेव का विरोध किया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी रामदेव के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की और अब उनके खिलाफ सिटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में रामदेव को व्यापारी कहकर ही संबोधित किया है।