Complaint of Demanding Dowry : इंजीनियर पति और परिवार ने 5 लाख का दहेज मांगा, मारपीट कर घर से निकाला!  

दो साल पहले हुई थी शादी, पुलिस ने मामला दर्ज किया!

291

Complaint of Demanding Dowry : इंजीनियर पति और परिवार ने 5 लाख का दहेज मांगा, मारपीट कर घर से निकाला!

Indore : इंजीनियर पति, डॉक्टर ससुर और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने द्वारकापुरी थाने में केस दर्ज कराया है। महिला की शादी दो साल पहले हुई थी। उससे 5 लाख रुपए मांगे जा रहे थे, दहेज नहीं लाने पर मारपीट कर बेदखल कर दिया था। पति नागपुर की कंपनी में आईटी इंजीनियर है।

द्वारकापुरी पुलिस ने खुशबू की शिकायत पर उसके पति वैभव पाराशर, ससुर डॉ हरीश उर्फ रिशु पाराशर, देवर युगंधर और सास मीनू (सभी छिंदवाड़ा निवासी) की शिकायत करते हुए बताया कि ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद नई कार दिलाने, 5 लाख रुपए और बिजनेस में इन्वेस्टमेंट की मांग कर रहे थे। इस कारण खुशबू और उसके मायके पक्ष के लोगों को लगातार परेशान किया गया।

उसकी शादी 6 फरवरी 2023 को हुई थी। इसके बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। पहले शादी में 5 लाख रुपए की मांग की गई, जिस पर उसके पिता खूबचंद व्यास ने 4 लाख रुपए की व्यवस्था की और वह राशि ससुर को ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। छिंदवाड़ा के सभी खर्चे भी खुशबू के पिता ने ही उठाए थे। इसके अलावा, पर्याप्त दहेज भी दिया गया था।

 

शादी के बाद दूसरी कार खरीदी

शादी के एक माह बाद ही पति ने कार लाने की बात कही। इस दौरान पिता से बात न करने पर उसने खुशबू के साथ मारपीट की। कन्यादान में पिता ने अपने खाते से पैसे दिए, जिन्हें पति ने अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया और उससे दूसरी कार खरीद ली। इसके बाद भी दहेज को लेकर आए दिन मारपीट और विवाद होते रहे। पति ने कई बार खर्च के लिए भी खुशबू के पिता से रुपए मंगवाए। जब बेटे का जन्म हुआ तो उसका पूरा खर्च भी पिता ने ही उठाया। नामकरण संस्कार के समय भी सारा खर्च पिता ने वहन किया।

 

दोबारा लेने भी नहीं आए

बाद में देवर और ससुराल के अन्य लोगों ने खुशबू को इंदौर में छोड़ दिया और दोबारा लेने नहीं आए। खुशबू के भाई ने जब नागपुर जाकर पति वैभव से बात की तो उसने बुला लिया। वहां मई 2024 में उसके साथ बुरा व्यवहार किया गया। सास मीनू और देवर भी वहां पहुंचे और उन्होंने खुशबू को बच्चे सहित घर से बाहर निकाल दिया। बाद में उसका भाई उसे इंदौर लेकर आया।

आपत्तिजनक मैसेज 

खुशबू के अनुसार, ससुर और पति वॉट्सऐप व सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक मैसेज परिवार और समाज को करते हैं, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है। पीड़िता ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई है।