‘शाही’ मंत्र सिद्ध कर सत्ता में काबिज रहने का भरोसा … 

‘शाही’ मंत्र सिद्ध कर सत्ता में काबिज रहने का भरोसा … 

केंद्रीय मंत्री अमित शाह का बूथ जीतने का संकल्प है कि प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर लेकर आना। 22 प्रकार के कामों के साथ बूथों को सशक्त बनाना। इसी मॉडल पर गुजरात में भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। अब प्रदेश भाजपा मध्यप्रदेश के 60 हजार से ज्यादा बूथों पर इस ‘शाही’ मंत्र को सिद्ध करने मैदान में उतर गई है। एक कुशल संगठक की तरह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने बूथ विस्तारक अभियान-2 की शुरूआत शाहपुरा के बूथ क्रमांक 242 से करते हुए बूथ समिति के सदस्यों के साथ जमीन पर दरी पर बैठकर लक्ष्य‌ पर खरा उतरने पर चिंतन किया और रोडमैप बनाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर विधानसभा के गुरुनानक मंडल के वार्ड 10 के बूथ क्रमांक 39 में बूथ विस्तारक अभियान-2 का शुभारंभ किया और दरी पर बैठकर बूथ समिति संग लक्ष्य हासिल करने की रणनीति बनाई। 14 मार्च से शुरू हुए इस अभियान में मुख्यमंत्री, मंत्री से लेकर हर नेता बूथ पर नजर आने वाला है‌। जमीन पर बैठकर लक्ष्य हासिल करने पर संधान करने वाला है। और यही वजह है कि भाजपा 2023 में अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है।
'शाही' मंत्र सिद्ध कर सत्ता में काबिज रहने का भरोसा ...
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय का वंदन किया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र प्रेम को नमन किया। और यह याद दिलाया कि राष्ट्र को अभी भाजपा सरकारों की ही जरूरत है। इसमें महत्वपूर्ण भूमिका बूथ के उस कार्यकर्ता की है, जो एक-एक मतदाता तक पहुंचकर शाह के मंत्र को गुजरात की तरह मध्यप्रदेश में सिद्ध कर हर बूथ पर 51 फीसदी मत हासिल करने के लक्ष्य‌ को हकीकत में बदलेगा। और तब कोई भी राजनैतिक दल लोकतंत्र के रण में भाजपा का मुकाबला नहीं कर पाएगा। यहां शुभारंभ की औपचारिकता नहीं बल्कि अध्यक्ष खुद दिनभर बूथ पर सक्रिय रहे। बूथ अध्यक्ष को फ्री हैंड दिया कि वह जब चाहे प्रदेश अध्यक्ष को फोन कर हर समस्या साझा कर समाधान कर सकते हैं। यह है कैडर बेस पार्टी का चरैवेति चरैवेति और सफलता का शाही मंत्र। प्रदेश अध्यक्ष ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी से लेकर मोदी-शिवराज तक भाजपा की सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण से अवगत कराया।  तो मुख्यमंत्री शिवराज ने साफ किया कि बूथ विस्तारक अभियान-2 शुरू हो रहा है, उसका मतलब सिर्फ चुनाव के समय नहीं बल्कि हमेशा लोगों के बीच रहना है। उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ दिलाना और पार्टी के साथ जोड़ना भी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि संगठन को कैसे मजबूत किया जाता है, इसका एक किस्सा अमित शाह ने खुद ही साझा किया था। मध्यप्रदेश प्रवास पर आए शाह ने बताया था कि जब वह राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब उनका नागालैंड का तीन दिवसीय दौरा था और कोहिमा में उनकी सभा भी थी। जब वह वहां पहुंचे तो देखकर परेशान हो गए कि सात लोग मंच पर और दस लोग सामने खड़े। उन्होंने मंच से कुर्सियां हटवाईं और नीचे बैठकर रणनीति बनाई और तीन दिन के सभी कार्यक्रम रद्द कर चौराहे पर खड़े होकर सदस्यता अभियान शुरू कर दिया।‌ तीन दिन तक लगातार सदस्यता अभियान चलाया और सदस्यों की संख्या सैकड़ों में पहुंच गई। और अब यहां नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और बीजेपी  की गठबंधन सरकार है। तो विष्णु दत्त शर्मा ने शाह के मंत्र पर काम करते हुए मध्यप्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव 2023 में हर बूथ पर 51 फीसदी मत का लक्ष्य हासिल करने की अपील की। कार्यकर्ताओं के साथ विष्णु दत्त शर्मा ने औपचारिक संबोधन के बाद नीचे दरी पर बैठकर रणनीति बनाई। बूथ अध्यक्ष और बूथ के पांच पदाधिकारियों के साथ शक्ति केंद्र प्रभारी व बूथ समिति सदस्यों को उनकी ताकत का अहसास कराया। साथ ही हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी पूरी मेहनत और समर्पण से पूरी करने की अपील की, ताकि एक समाजसेवी की भूमिका में पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार कर सके। उन्होंने बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं को यह स्मरण कराया कि राष्ट्रीय‌ कार्यसमिति में जब दुनिया के सबसे ताकतवर नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदस्यों से रूबरू हुए तो घंटों तक पार्टी की विचारधारा और पार्टी की मजबूती पर बोलते रहे। यही ताकत है कैडर बेस पार्टी यानि कार्यकर्ता आधारित पार्टी की। और बूथ स्तर के कार्यकर्ता के त्याग, समर्पण और मेहनत से ही यह संभव हो सकता है। जिस बूथ पर सदस्यों की संख्या कम है, उसको दस दिन 14 मार्च से 24 मार्च में बढ़ाकर लक्ष्य हासिल करना है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है और उनका लाभ हर पात्र को दिलाना है। ए प्लस बूथ को ए प्लस प्लस बूथ बनाना है।
तो बूथ विस्तारक अभियान-2 एक बहुआयामी अभियान है। 14 से 24 मार्च तक मध्यप्रदेश की पूरी भारतीय जनता पार्टी बूथों पर होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व गरीबों का जीवन बदलने वाली योजनाओं के हितग्राहियों से बूथ पर मिलना और जो लोग योजनाओं से वंचित हैं उनको जोड़ने का काम पार्टी कार्यकर्ता करेंगे। पार्टी में जो नये नौजवान हैं, जो उमंग और उत्साह के साथ खड़े हैं, ‘यूथ फॉर बूथ’ के अंतर्गत उनको जोड़ने का काम किया जायेगा। प्रत्येक बूथ पर जो पन्ना समिति बनेगी, उसमें कम से कम 33 प्रतिशत बहनों को अवसर दिया जाएगा। बूथ पर प्रत्येक समाज वर्ग का प्रतिनिधित्व हो, इस भूमिका में 22 प्रकार के कामों के साथ बूथ को और अधिक सशक्त बनाते हुए इस दिशा में यह बहुआयामी अभियान  के जरिए भाजपा 2023 फतह करने के अभियान पर आगे बढ़ रही है। भाजपा ‘शाही’ मंत्र को मध्यप्रदेश में सिद्ध करेगी …तो निश्चित तौर पर दूसरे राजनैतिक दलों को संगठनात्मक तौर पर भाजपा का मुकाबला करने के लिए इससे बेहतर रणनीति पर ध्यान केंद्रित करना होगा। पर संगठनात्मक तौर पर किसी अन्य राजनैतिक दल में मध्यप्रदेश में यह सब फिलहाल दूर-दूर तक संभव नहीं दिख रहा है। ऐसे में ‘शाही’ मंत्र सिद्ध कर भाजपा बूथ के रास्ते सत्ता की मंजिल पर बने रहने का दम खुलकर भर रही है…‌।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।