Congress: इंदौर के बाद भिंड में 9 और उज्जैन में 13 अगस्त को होगा प्रदर्शन

192

Congress: इंदौर के बाद भिंड में 9 और उज्जैन में 13 अगस्त को होगा प्रदर्शन

भोपाल:स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस का मंगलवार से जिलों में प्रदर्शन की शुरूआत हो रही है। प्रदेश सरकार के खिलाफ पहला प्रदर्शन इंदौर में हो रहा है। जबकि इसके बाद भिंड और फिर उज्जैन जिलों में आगामी दिनों में सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इन सभी धरना प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल होंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में नगर निगम मुख्यालय इंदौर में प्रदर्शन किया जा रहा है। यह प्रदर्शन नगर निगम में चल रहे भ्रष्टाचार और घोटालों के विरोध में है। सुबह से शुरू हुए इस प्रदर्शन में पीसीसी चीफ के साथ कांग्रेस नेता अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा, सत्यनारायण पटेल भी इस प्रदर्शन में शामिल हैं।

कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए यह आरोप लगा रही है कि इंदौर नगर निगम में फर्जी फाइलों के माध्यम से हेराफेरी कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। वहीं सड़कों के निर्माण में भी घोटाले के आरोप इस प्रदर्शन में लगाए गए हैं। वहीं नक्शों में बदलाव कर भू माफियाओं और नेताओं को फायदा पहुंचाने का आरोप भी नगर निगम पर लगाया गया है। कांग्रेस का यह भी आरोप है कि पेंशनधारियों को उनकी पेंशन नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है। जलकर और संपत्ति कर में वृद्धि के खिलाफ भी यह प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में हुए नर्सिंग कॉले फर्जीवाड़े को भी शामिल किया गया है।

*अगला प्रदर्शन भिंड में* 

इंदौर के इस प्रदर्शन के बाद अगला प्रदर्शन 9 अगस्त को भिंड जिला मुख्यालय पर होगा। इसमें भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अन्य नेता शामिल होंगे। इसके बाद 13 अगस्त को उज्जैन में कांग्रेस विशाल प्रदर्शन करने की प्लानिंग कर चुकी है। यहां पर होने वाले प्रदर्शन में कांग्रेस के सभी दिग्गज नेताओं को बुलाया गया है।