Congress Election Promises : चुनाव से पहले कांग्रेस ने भी खोला घोषणाओं का पिटारा!

बुलेट ट्रेन की जगह बाजार में महंगाई की बुलेट ट्रेन दौड़ रही!

415

Congress Election Promises : चुनाव से पहले कांग्रेस ने भी खोला घोषणाओं का पिटारा!

Dewas : भाजपा की तरह कांग्रेस ने भी घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जनता के बीच 500 रूपए में गैस की टंकी, महिलाओं को 1500 रुपए महीना और पुरानी पेंशन लागू करने की घोषणा सहित कई घोषणाओं का एलान किया। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ देवास जिले के खातेगांव विधानसभा सीट पर आम सभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे।

कमलनाथ ने आम सभा को संबोधित करते हुए लोगों से कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। इसके अलावा, 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यह भी कहा कि लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह और बेरोजगारों को रोजगार भी दिया जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दस सालों में बल्कि 5 साल में राजनीति में जो परिवर्तन आया, वह देखने लायक है। उन्होंने कहा कि इस बार भी चुनाव विकास, महंगाई, बेरोजगारी आदि मुद्दों पर होने वाले हैं। उन्होंने महंगाई को लेकर कहा कि सरकार ने बुलेट ट्रेन चलाने की घोषणा की थी। लेकिन, बाजार में महंगाई की बुलेट ट्रेन दौड़ रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि 15 महीने की सरकार में 12.5 महीने उन्हें काम करने का मौका मिला। ढाई महीने लोकसभा चुनाव में चले गए। उन्होंने कहा कि गरीबों को राहत पहुंचाने का काम उनके कार्यकाल में हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लोगों को 100 यूनिट बिजली दी गई। इसके अलावा, पेंशन भी बढ़ाई गई।

पूर्व मंत्री और विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कमलनाथ इंदौर जाना चाहते थे। लेकिन, उन्होंने उनसे आग्रह किया कि इस बार खातेगांव सीट भी कांग्रेस की झोली में आएगी। इसके लिए उन्हें खातेगांव में आम सभा को संबोधित करना होगा। कमलनाथ ने भी इस बात में सहमति जताई और खातेगांव आ गए।