
‘संगठन सृजन’ से ‘जीत’ की ‘उमंग’ में कांग्रेस…
कौशल किशोर चतुर्वेदी
कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान राज्यों से दिल्ली तक की यात्रा कर चुका है। नव नियुक्त जिला अध्यक्षों को जीत हासिल करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। मध्य प्रदेश के संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण का उद्देश्य यही है कि कांग्रेस संगठन मजबूत बने और नए जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति पूर्ण रूप से तैयार किया जा सके। कांग्रेस यानी राहुल गांधी जो कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए जी-जान से जुटे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से कांग्रेस की मंजिल भी यही है कि राहुल गांधी के नवाचार से निकले नवनियुक्त जिला अध्यक्ष प्रदेश सरकार की अन्यायपूर्ण नीतियों के खिलाफ मजबूत आवाज उठाएँगे, संगठन को और सशक्त करेंगे और 2028 में कांग्रेस की विजय सुनिश्चित कर प्रदेश में नए विकास युग की स्थापना करेंगे। मध्य प्रदेश के संदर्भ में कांग्रेस यह मान चुकी है कि संगठन के सृजन के बिना भाजपा संगठन का मुकाबला नहीं किया जा सकता है। ऐसे में अब कांग्रेस संगठन सृजन कर उत्साहित है और इस भरोसे में है कि सृजन का यह परिश्रम परिणाममूलक साबित होगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को कांग्रेस के सिद्धांतों, संगठन की मजबूती और लोकतंत्र की रक्षा हेतु मार्गदर्शन दिया है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी जिलाध्यक्षों ने एक स्वर में संकल्प दोहराया कि ‘हम लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर हाल में संघर्ष करेंगे। भाजपा की वोट चोरी की साजिशों को बेनकाब करेंगे और जनता के विश्वास की लड़ाई को जीतेंगे।’ और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की टीम ने यह भरोसा दिलाया कि टीम मध्यप्रदेश, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने कहा कि राहुल गांधी का संघर्ष प्रत्येक कांग्रेस सिपाही के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उनके मार्गदर्शन ने संगठन में नई ऊर्जा और जोश का संचार किया है। तो टीम मध्यप्रदेश ने यह विश्वास दिलाया है कि “हम प्राण-प्रण से कांग्रेस की मजबूती और सिद्धांतों की स्थापना के लिए अपना सब कुछ समर्पित करेंगे। यह टीम अनुभव और ऊर्जा का अद्भुत संगम है, जो हर साजिश का मुकाबला करने और हर लड़ाई जीतने की क्षमता रखती है।” अंत में कांग्रेसजनों ने एक स्वर में कहा- “लोकतंत्र और संविधान बचाने की इस निर्णायक लड़ाई को हम हर हाल में लड़ेंगे और विजय हासिल करेंगे।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं कि ऊर्जा और उत्साह से भरी हुई “टीम मध्यप्रदेश” कांग्रेस के वैचारिक प्रवाह को नई गति दे रही है। जन अपेक्षाओं को साकार करने के लिए भी हम सभी प्राण-प्रण से संघर्ष करेंगे। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के साथ सभी नव-नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने संकल्प लिया कि हम मिलकर लड़ेंगे, हर हाल में जीतेंगे। राहुल गांधी का संघर्ष मध्यप्रदेश के प्रत्येक कांग्रेस सिपाही के लिए एक ऐसी मिसाल है, जो हमेशा ऊर्जा देती है। मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले में अब हमारे पास एक ऐसी टीम है, जिसमें अनुभव और ऊर्जा का अद्भुत समावेश है। जूझने और जीतने की शक्ति है।लोकतंत्र और संविधान बचाने की इस निर्णायक लड़ाई को हम हर हाल में लड़ेंगे। वोट चोरों को बेनकाब करेंगे। सभी लक्ष्य पूरे करेंगे। टीम मध्यप्रदेश अपने नेता एवं आदर्श मार्गदर्शक राहुल गांधी के प्रेरक व ऊर्जावान संबोधन से अभिभूत है।
निश्चित तौर से कांग्रेस को इसी तरह उत्साह के साथ विजय हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। मध्य प्रदेश के संदर्भ में देखा जाए तो कांग्रेस ‘करो या मरो’ की स्थिति में है। 2003 के बाद आगामी चुनाव 2028 तक कांग्रेस को सत्ता से बेदखल हुए करीब 24 साल हो जाएंगे। 15 साल बाद 2018 में 15 महीने के लिए कांग्रेस को सत्ता का हाथ थामने को मिला था लेकिन बुरी तरह फजीहत करने के साथ ही सत्ता हाथ से निकल गई थी। उस 15 महीने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में सत्ता में सक्रिय सहभागिता की थी। अब इन्हीं के कंधों पर मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने की कमान है। यह दोनों युवा नेता उत्साह से भरे हुए हैं। संगठन का सृजन भी इन्हीं के नेतृत्व में हुआ है। मध्य प्रदेश टीम निश्चित तौर से संघर्ष के लिए तैयार है। कहा जाए तो संगठन के सृजन के बाद टीम मध्य प्रदेश जीत की उमंग में है। जीतू पटवारी और उमंग सिंघार की जीत को लेकर उमंग और उत्साह के साथ यह तैयारी क्या रंग लाएगी यह 2028 विधानसभा चुनाव ही बताएंगे… और तभी टीम मध्य प्रदेश के परिश्रम त्याग और समर्पण के साथ ही संगठन सृजन पर निर्णायक मुहर लगेगी…।





