कांग्रेस सनातन विरोधियों के साथ है, जनता इन्हें करारा जवाब दे, BJP राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कसरावद में जनसभा को किया संबोधित

कांग्रेस सनातन विरोधियों के साथ है, जनता इन्हें करारा जवाब दे, BJP राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कसरावद में जनसभा को किया संबोधित

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

खरगोन: भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने महिलाओं और किसानों को खुशहाल बनाने के साथ युवाओं को रोजगार और राष्ट्रवाद को जोड़ने का कार्य कर रही है। कांग्रेस पार्टी का विकास से कोई वास्ता नहीं है, लेकिन अब तो सनातन विरोधियों के साथ खड़ी है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से सनातन के विरोध में रही है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने पहले सर्वोच्च न्यायालय में शपथ-पत्र प्रस्तुत करके कहा कि भगवान श्रीराम का कोई अस्तित्व नहीं है, राम काल्पनिक हैं। अब इंडी गठबंधन बना है, जिसमें कांग्रेस पार्टी सनातन का विरोध करने वालों के साथ है। कांग्रेस को जनता करारा जवाब देगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय ने खरगोन जिले के कसरावद से पार्टी प्रत्याशी श्री आत्माराम पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

WhatsApp Image 2023 11 08 at 1.14.58 PM

पार्टी महासचिव श्री विजयवर्गीय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनसेवा व राष्ट्रवाद के लिए राजनीति करती है। कांग्रेस पार्टी केवल झूठ बोलकर सत्ता पाने के लिए राजनीति करती है। हमने जो कहा वो किया है। हमने भगवान श्रीराम जी के मंदिर के लिय संकल्प लिया था, आज भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर तैयार है। जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया था। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में प्रदेश में गड्ढों से भरी सड़कें थीं। कसरावद से इंदौर जाने में चार से पांच घंटे लगते थे। आज भाजपा सरकार में प्रदेश में ऐसी सड़कें बनी हैं की कसरावद से इंदौर की दूरी दो घंटे हो गई है।

समूची दुनिया मोदी जी का लोहा मानती है

पार्टी महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सिरमौर बना है। समूची दुनिया श्री मोदीजी का लोहा मानती है। कोरोना काल के समय लॉक डाउन में घर बैठे गरीब देशवासियों की चिंता करते हुए लाखों देशवासियों को मुफ्त राशन दिया। प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है और आप कसरावद से भाजपा के प्रतिनिधि के रूप में श्री आत्माराम पटेल को विजय बनाकर भेजें। भाजपा सरकार बनी तो लाड़ली बहना योजना चलती रहेगी और आगे चलकर बहनों को तीन हजार रुपए महीना दिया जाएगा। हम 15 महीने की कांग्रेस सरकार देख चुके हैं। कांग्रेस को 17 नवंबर को कमल का बटन दबाकर जवाब देना है। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष श्री सुरेश पाटीदार ने किया एवं आभार विधानसभा संयोजक श्री दशरथ सिंह पटेल ने माना। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी श्री बाबूलाल महाजन, मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।