
कांग्रेस दफ्तर बना अखाड़ा: महंगाई पर चर्चा करने आए नेता आपस में भिड़े, जमकर चलीं कुर्सियां और टूटे कांच!
महासमुंद; विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में गुटबाजी की आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला महासमुंद का है, जहां गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय किसी जंग के मैदान में तब्दील हो गया।
दरअसल, पार्टी की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेसी आपस में ही भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दफ्तर के अंदर जमकर लात-घूंसे चले, कुर्सियां फेंकी गईं और कांच के बर्तन तक तोड़ दिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला अध्यक्ष ने महंगाई के मुद्दे पर एक प्रेसवार्ता बुलाई थी। गौर करने वाली बात यह है कि इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति बहुत कम थी। बस इसी बात को लेकर नेताओं में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
सूत्रों ने बताया कि मारपीट कांग्रेस के एक पूर्व और एक वर्तमान पदाधिकारी और पार्षद के बीच हुई। मारपीट के दौरान कार्यालय के अंदर रखा फर्नीचर और कांच के सामान चकनाचूर हो गए। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ।
गौरतलब है कि घटना के बाद जिला अध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) को भेजी जाएगी और अनुशासनहीनता करने वाले दोषी पक्षों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




