कांग्रेस ने केवल वोट की फसल काटी, अंग्रेजों को भगाने वाले जनजातीय नायकों को सम्मान नहीं दिया: मुख्यमंत्री डॉ यादव

143

कांग्रेस ने केवल वोट की फसल काटी, अंग्रेजों को भगाने वाले जनजातीय नायकों को सम्मान नहीं दिया: मुख्यमंत्री डॉ यादव

बड़वानी : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि आजादी के बाद अधिकांश समय राज करने वाली कांग्रेस पार्टी ने केवल वोट की फसल काटी लेकिन अंग्रेजों को भगाने वाले जनजातीय गौरवों को सम्मान नहीं दिया।

बड़वानी जिले के पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के मोर तलाई में भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए डॉक्टर यादव ने कहा कि आदिवासी नायक बिरसा मुंडा, ख्वाजा नायक, टंट्या भील शंकर शाह, रघुनाथ शाह आदि ने अपने संघर्ष और हिम्मत के बलबूते अंग्रेजों को देश से भागने में अतुल्य योगदान दिया ,लेकिन दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ता है कि आजादी के बाद अधिकांश समय तक राज करने वाली कांग्रेस आदिवासियों से वोट तो लेती रही लेकिन उसने अंग्रेजों की चूलें डगमगाने वाले आदिवासी नायकों के जीवन के लिए कोई स्मरणीय काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता के मद में मदहोश होकर समाज के नायकों को भुलाने का काम करते रही लेकिन हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री ने 15 नवंबर को आदिवासी गौरव दिवस घोषित किया। हमने 2020 में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उन्हें टेक्स्ट बुक में स्थान दिया। उन्होंने कहा कि मृत्यु तो सभी को आती है लेकिन जीते जी अपना बलिदान देकर अमर हो जाने वाले जनजातीय नायकों के गौरवशाली अतीत से हमारे स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी और भविष्य की पीढ़ियां परिचित होगी। उन्होंने कहा कि खरगोन में टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय भी बनाया गया है।

उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिस वंदे मातरम के चलते अंग्रेजों के खिलाफ पूरा भारतवर्ष एकजुट हुआ, कांग्रेस ने उस वंदे मातरम के साथ भी अन्याय किया और इसके भी टुकड़े कर दिए । इसका दुष्परिणाम यह हुआ कि देश का बंटवारा हुआ और पाकिस्तान अलग देश बना।

उन्होंने कहा कि हिंदू मुसलमान की दृष्टि कांग्रेस की देन है ,और जब भी कोई भारत में संकट आता है उसकी जड़ पाकिस्तान में ही होती है। उन्होंने कहा कि यह बीमारी कांग्रेस की ही दी हुई है। उन्होंने कहा कि धारा 370 के कलंक के चलते जम्मू कश्मीर आतंक का अड्डा बन गया था।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धारा 370 समाप्त की गयी और पाकिस्तान को घर में तीन बार घुसकर सबक सिखाने का भी काम किया।

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरवों ने अपना बलिदान इसीलिए दिया था कि देश में जनता के द्वारा जनता के लिए जनता का शासन स्थापित हो, लेकिन कांग्रेस ने केवल एक ही परिवार को आगे बढ़ाया और नेहरू इंदिरा राजीव सोनिया और राहुल तक ही सीमित रहे।

उन्होंने कहा दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब व्यक्ति भी सांसद विधायक मंत्री और प्रधानमंत्री बन रहा है।

उन्होंने बिहार में एनडीए की जीत को लोकतंत्र और गरीब की जीत निरूपित करते हुए कहा कि हारने के बाद विपक्षी दल शोर मचाते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे चुनाव के प्रति सीरियस नहीं रहे और चुनाव के बीच मध्य प्रदेश में छुट्टी मनाने आ गए। उन्होंने कहा कि विपक्षी लगातार हारने के बाद भी गलतियों की माफी नहीं मांगते हैं । उन्होंने कहा हम आदिवासी गौरवों की जयंती मनाते हैं लेकिन वह इसे भी प्रोत्साहित नहीं करते।

उन्होंने इस दौरान भावांतर योजना, लाडली बहना योजना, किसान सम्मान निधि और सांदीपनि स्कूल का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम मोरतलाई में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की भव्य आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया। साथ ही बड़वानी जिले के लिए 133 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 6 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 5 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ,क्षेत्रीय सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद डॉक्टर सुमेर सिंह सोलंकी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव आदि उपस्थित थे। इस दौरान जिले में बेहतर स्वास्थ्य के लिए चल रहे ग्रीन कमांडो अभियान की फिल्म भी दिखाई गई।