
15 फरवरी से पहले कांग्रेस को बनाना होगी जिला कार्यकारिणी,राहुल- खड़गे के निर्देश
भाजपा में एक साल बाद भी कई जिलों में नहीं बनी कार्यकारिणी
भोपाल : प्रदेश कांग्रेस के जिला अध्यक्षों को बने 6 महीने हो गए लेकिन अब तक पार्टी जिलों में अपनी कार्यकारिणी का गठन नहीं कर सकी है। इससे पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी दोनो ही नाराज बताए जाते हैं, दोनों ने पूर्व में प्रदेश कांग्रे्रस को फरवरी तक ब्लॉक कमेटियों तक के गठन के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी न तो अब तक जिला कार्यकारिणी बनी और ना ही अब तक ब्लॉक कमेटियों का गठन हो सका।
सूत्रों की मानी जाए तो बुधवार को दिल्ली में हुई प्रदेश संगठन को लेकर बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि जिला और ब्लॉक की कार्यकारिणी के गठन को लेकर देर क्यों हो रही है। इसके बाद यह तय किया गया है अगले 15 दिनों में जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी और उसके बाद ब्लॉक कमेटियों का गठन तेजी से किया जाएगा। संगठन सृजन के तहत प्रदेश कांग्रेस को जिला, ब्लॉक से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कमेटी बनाना है, लेकिन अभी तक गठन नहीं होने से दोनों नेता नाराज बताए जाते हैं।
आधे से ज्यादा जिलों से आए नाम
प्रदेश कांग्रेस के 71 संगठनात्मक जिलों में से करीब 40 जिलों से कार्यकारिणी के लिए नाम प्रदेश कांग्रेस तक आ चुके हैं। पार्टी पदाधिकारियों का दावा है कि कार्यकारिणी के गठन को लेकर कई स्तर पर वर्किंग की जा रही है। जिसमें स्थानीय नेताओं और विधायकों की एक-एक नाम पर राय ली जा रही है। अध्यक्ष और जिला प्रभारियों से भी हर नाम पर चर्चा की जा रही है। अब दावा किया जा रहा है कि फरवरी में अधिकांश जिलों की कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया जाएगा। हालांकि कई जिलों में अब भी कुछ नामों को लेकर पार्टी नेताओं में एक राय नहीं बन पा रही है। इसलिए जिला कार्यकारिणी के गठन में देरी हो रही है।
भाजपा में एक साल बाद भी कई जिलों में नहीं बनी कार्यकारिणी
इधर भाजपा में भी जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर धीमी रफतार से काम हो रहा है। भाजपा ने जिला अध्यक्ष पिछले साल जनवरी में बना दिए थे, इसके बाद सितंबर से जिला कार्यकारिणी के गठन का सिलसिला शुरू हुआ जो अब तक पूरा नहीं हो सका है। अभी करीब एक दर्जन संगठनात्मक जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा होना बाकी है। प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक जिलों की संख्या 62 हैं, इनमें से लगभग 50 जिलों की कार्यकारिणी अब तक बन चुकी है। जिन जिलों में अब तक एक राय नहीं बन सकी, वहां की कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका है। इन जिलों में एक राय बनाने के प्रयास प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों ने नए सिरे से शुरू किए हैं। माना जा रहा है कि बचे हुए एक दर्जन जिलों में से फरवरी में आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में भाजपा जिला कार्यकारिणी घोषित कर देगी।





