जिलों में बिल्डिंग चमकाने और जमीन तलाशने में जुटेगी कांग्रेस

जानिए क्या है पूरा मामला

496

जिलों में बिल्डिंग चमकाने और जमीन तलाशने में जुटेगी कांग्रेस

भोपाल: प्रदेश कांग्रेस प्रदेश के हर जिले में अपनी जमीन तलाशने के काम में जुटने वाली है। संगठन को मजबूत करने के साथ ही जमीन तलाशने का काम प्रदेश कांग्रेस करने जा रही है। इसके लिए जल्द ही योजनाबद्ध तरीके से पार्टी काम करने जा रही है। इसके साथ ही कांग्रेस अपनी बिल्डिंग को भी मजबूत कर रही है।

दरअसल यह जमीन कांग्रेस संगठन को मजबूत करने वाली नहीं है, बल्कि यह वह भूमि है जो प्रदेश के कई जिलों में प्रदेश कांग्रेस, जिला कांग्रेस, सेवादल के नाम पर शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज है।

कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने के साथ ही जिलों में जो भूमि उसके पास है, उसे खोजने में लगी है। इस संबंध में जल्द ही सभी जिला अध्यक्षों को प्रदेश कांग्रेस से पत्र जारी किया जाने वाला है। इस पत्र में यह सभी से पूछा जाएगा कि उनके जिले में प्रदेश कांग्रेस, जिला कांग्रेस या कांग्रेस के किसी अन्य संगठन के नाम पर जमीन और भवन हो तो उसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस दफ्तर भेजिएगा। इसमें यह भी पूछा जाएगा कि कितनी जमीन कांग्रेस के पास है।

इस पत्र में यह भी जिक्र होगा कि यदि जमीन पर भवन बना है तो उसकी वर्तमान स्थिति क्या है। क्या उसमें कांग्रेस का जिला दफ्तर या इंटक या सेवादल या कोई अन्य दफ्तर चलता हो तो वह भी जानकारी मांगी जाएगी।

इसलिए एकत्र की जा रही जानकारी

कांग्रेस अपनी जमीन और बिल्डिंग की जानकारी एकत्र कर इन्हें व्यवस्थित करने की योजना पर काम कर रही है।
इसकी जिम्मेदारी कांग्रेस के प्रशासन प्रभारी संजय कांबले को सौंपी गई है। वे सभी जिलों से जानकारी बुलाने के बाद इन भवनों को व्यवस्थित करने का काम करेंगे। साथ ही यदि कोई जमीन होगी तो उसका उपयोग पार्टी के लिए कैसे किया जाए। यदि भवन में सुधार की जरुरत होगी तो उसका भी प्लान किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में भी हो रहा रंग रोगन

प्रदेश कांग्रेस दफ्तर को भी चमकाने का काम इन दिनों तेजी से चल रहा है। दफ्तर में पदाधिकारियों की बैठक के जगह तय कर दी गई है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के चैम्बर से सटे मीटिंग हाल को भी सुजज्जित कर दिया गया है। यहां पर कई गेट बदले जा रहे हैं। भवन में रंग रोगन का काम भी चल रहा है।