

शिवराज के गढ़ विदिशा में फर्जी और डुप्लीकेट नाम वाले वोटर्स की कांग्रेस करवाएगी छंटनी
भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लोकसभा क्षेत्र विदिशा की वोटर लिस्ट कांग्रेस ग्राउंड लेवल पर उतर कर चैक करने की तैयारी में है। विदिशा लोकसभा क्षेत्र में विदिशा और गंजबासौदा विधानसभा क्षेत्र आते हैं। बाकी के सिरोंज, शमशाबाद और कुरवाई विधानसभा क्षेत्र सागर लोकसभा क्षेत्र में आते हैं। पांच विधानसभा वाले इस जिले में वोटर लिस्ट को चेक करने के लिए पदाधिकारियों को बूथ वार जिम्मेदारी दी जाएगी। यह जिम्मेदारी दिए जाने से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट तलब की है। इसका अध्ययन प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी और अन्य पदाधिकारी कर रहे हैं।
प्रदेश भर में फिलहाल विदिशा जिले को ही चुना गया है, जहां पर कांग्रेस बूथवार अपने पदाधिकारियों को भेजेगी, जो बूथवार वहां के संगठन से लेकर वोटर्स तक का मिजाज जानेंगे। विदिशा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कुछ दिन पहले पांच विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में भेज दी है। वोटर लिस्ट का अध्ययन किया जा रहा है, जिसमें यह पता करने का प्रयास किया जा रहा है कि इसमें कितने ऐसे वोटर हैं जो फर्जी है और कितनों के नाम डुप्लीकेट इसमें हैं। यहां पर यह चेक होने के बाद विदिशा के हर बूथ के वोटर्स को चेक कर उनकी अपडेट पार्टी के पदाधिकारी लेंगे। इसके लिए पार्टी जिन्हें जिम्मेदारी देगी वे डोर-टू-डोर जाएंगे और इसे चैक करेंगे। यह पूरा अभियान ग्राउंड पर ही चलाए जाने की तैयारी कांग्रेस कर रही है। यह प्रयोग सफल हुआ तो प्रदेश के बाकी जिलों में भी यह किया जाएगा।