Congress with PK : लोकसभा और विधानसभा चुनाव की रणनीति अब PK तय करेंगे

राज्यों के हिसाब से कांग्रेस का अलग-अलग मंथन जारी, प्रतिद्वंदी की ताकत पर भी चर्चा

571

 

New Delhi : अब यह तय हो गया कि कांग्रेस की चुनाव रणनीति प्रशांत किशोर उर्फ़ PK के मुताबिक चलेगी। कांग्रेस ने यह तैयारी 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए की है। लोकसभा चुनाव और उससे पहले होने वाले राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह एक्टिव मोड में है। कांग्रेस पार्टी अब PK के साथ एक-एक राज्य को लेकर मंथन कर रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी एक-एक राज्य की स्थिति पर मंथन कर रहे हैं।

18 अप्रैल को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और प्रशांत किशोर (PK) के बीच करीब 5 घंटे की मैराथन बैठक चली। 19 अप्रैल को कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के साथ प्रशांत किशोर ने सात घंटे बातचीत की। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ऐसी ही बैठक के लिए 20 अप्रैल को दिल्ली बुलाया गया था। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भी प्रशांत किशोर लगातार बैठक कर रहे हैं। .

उन राज्यों पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है, जहां 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा चुनाव होने हैं। 19 अप्रैल को मध्य प्रदेश को लेकर 10 जनपथ पर मंथन हुआ। जिसमें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे। बताते हैं कि इस बैठक में पिछले चुनाव की स्थिति और बदले हालात के अलावा प्रतिद्वंदी पार्टी की ताकत और कमजोरी पर भी चर्चा हुई।

जिन राज्यों में 2024 से पहले विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां कांग्रेस की स्थिति, कमजोरियों पर भी चर्चा की गई। कहां गठबंधन जरूरी है और किस तरह पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करना है इस पर विस्तार से चर्चा हुई। कैसे लक्ष्य को भेदना है, इन सब बिंदुओं पर चर्चा की जा रही है। अगले महीने राजस्थान में होने वाले कांग्रेस के चिंतन शिविर में PK की और से दिए जाने वाले प्रेजेंटेशन को लेकर भी लंबी बैठक हो सकती है।