Congress’s First List Tomorrow : 100 से ज्यादा नाम तय, 66 हारी सीटों के उम्मीदवार भी शामिल!

नवरात्रि के तीन-चार दिन में सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित!

768

Congress’s First List Tomorrow : 100 से ज्यादा नाम तय, 66 हारी सीटों के उम्मीदवार भी शामिल!

New Delhi : कांग्रेस के उम्मीदवारों की बहुप्रतीक्षित सूची नवरात्रि के पहले दिन कल यानी 15 अक्टूबर को आने की संभावना है। पार्टी कई दिनों से इस मुद्दे पर विचार-मंथन कर रही है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह और समिति के सदस्य ओमकार मरकाम मौजूद थे। 15 अक्टूबर को पहली सूची घोषित की जाएगी, उसमें विधायकों के साथ उन 66 सीटों के प्रत्याशियों को भी शामिल किए जाने की संभावना है, जहां पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा कि पहली सूची में डेढ़ सौ से ज्यादा उम्मीदवारों के नाम फ़ाइनल हो गए। लेकिन, संभव है कि पार्टी इतने नाम एक साथ घोषित नहीं करे।

शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। उसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। दो दौर की बैठक में 60 सीटों के नामों पर अंतिम मुहर लग गई। बाकी सीटों पर भी अगले दो दिन में फैसला होगा। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि श्राद्ध पक्ष के बाद हमारी पहली सूची जारी होगी।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी यही संकेत दिए। कांग्रेस हाईकमान की तैयारी नवरात्रि के तीन-चार दिन के भीतर प्रदेश की सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की है। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणवीर सिंह सुरजेवाला ने बताया कि शुक्रवार को 60 सीटों के प्रत्याशियों को लेकर विचार हुआ। नवरात्रि पर मध्य प्रदेश में कांग्रेस की विजय की शुरुआत हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में जहां विवाद की स्थिति है, वहीं कांग्रेस में आत्मविश्वास है। गुरुवार को भी दिल्ली में नामों पर विचार किया गया। शुक्रवार को पहले केंद्रीय चुनाव समिति हुई, जिसमें 60 सीटों के प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर दिए।

इसके पहले 140 सीटों के प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा हो चुकी है। समिति ने कुछ सुझाव दिए थे, उन्हें शामिल करते हुए नामों पर विचार हुआ। ऐसी सीटों के लिए नाम भी पहली सूची में शामिल किए जा सकते हैं, जिनको लेकर सर्वसम्मति है। जिन सीटों पर दो या उससे अधिक दावेदार हैं, उनको लेकर स्क्रीनिंग कमेटी में विचार होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी इस प्रयास में हैं कि प्रत्याशी चयन आम सहमति के आधार पर हो, ताकि विरोध जैसी स्थिति कम से कम बने।